लखनऊ । काकोरी में शनिवार को मॉर्निंग वाक पर निकलीं वृद्धा शिव रानी की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर दो बदमाशों ने सोने की चेन व पायल लूट ली। विरोध पर बदमाशों ने वृद्धा की पिटाई की, जिससे उनका दाहिना पैर टूट गया। सूचना पर काकोरी पुलिस ने छानबीन शुरू की है।
आगरा एक्सप्रेस वे के ओवरब्रिज के पास कठिगरा गांव निवासी सुनील यादव की बुआ शिव रानी इन दिनों उनके घर आई हुई हैं। वह रोज मॉर्निंग वॉक पर जाती हैं। शनिवार सुबह छह बजे शिव रानी एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर टहलने गई थीं। तभी मंदिर के पास बाइक सवार दो बदमाश आए और उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। वह वहीं गिरकर छटपटाने लगीं तो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन लूट ली। पायल उतारते वक्त शिव रानी ने विरोध जताया तो बदमाश उनकी पिटाई कर भाग गए। काकोरी इंस्पेक्टर बृजेश सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी।