बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर कोरोना मरीजों के इलाज के लिए अभी प्लाज्मा दान नहीं कर पाएंगी। केजीएमयू ने उनकी फैमिली हिस्ट्री को देखते हुए ये फैसला लिया है।
केजीएमयू की ब्लड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की अध्यक्ष डॉ. तूलिका चंद्रा ने अमर उजाला से बातचीत में कहा है कि उनकी फैमिली हिस्ट्री को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। अगर आपातकालीन स्थिति में जरूरत पड़ती है तो जरूर उनकी मदद ली जाएगी पर फिलहाल उन्हें इंतजार करने के लिए कहा गया है।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि फैमिली हिस्ट्री की जानकारी मीडिया को नहीं दी जा सकती क्योंकि यह नियमों के खिलाफ है।
बता दें कि कनिका कोरोना पॉजिटिव होने और फिर कई हाईप्रोफाइल पार्टियों में शामिल होने के कारण चर्चा में आई थीं। संक्रमण से ठीक होने के बाद उन्होंने कोरोना रोगियों के इलाज के लिए अपना प्लाज्मा दान करने का फैसला किया था।