उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने सोमवार कहा कि यूपी में कोरोना संक्रमित मामलों का आंकड़ा जहां अन्य राज्यों के मुकाबले तेजी से बढ़ रहा है, वहीं योगी सरकार का तथाकथित ‘आगरा मॉडल’ ध्वस्त हो चुका है।
प्रदेश में अब तक संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले आगरा से ही हैं। डॉक्टरों और वैज्ञानिकों पर सरकारी अधिकारियों के दबाव के कारण महामारी की हकीकत को छिपाया जा रहा है।
लल्लू ने कहा कि आगरा में महामारी बेकाबू हो गई है। आगरा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी को हटाना सरकार की असफलता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। सरकार पुलिस के दम पर कोरोना महामारी से मर रहे लोगों का आंकड़ा छुपा रही है।
पूरे प्रदेश में टेस्टिंग का आंकड़ा बहुत ही कम है। सरकार द्वारा अनुबंधित कई प्राइवेट लैबों के कोरोना टेस्ट संदिग्ध पाए गए हैं। अभी तक बहराइच, सीतापुर और नोएडा की प्राइवेट लैबों के 10 पॉजिटिव टेस्ट सरकारी लैब में दोबारा टेस्ट करने पर निगेटिव पाए गए हैं। यह कोरोना के मरीजों की जिंदगी के साथ भयानक खिलवाड़ है।