लखनऊ। कैंट इलाके के रेलवे क्रॉसिंग पर बृहस्पतिवार को मीडियाकर्मी अमित सिंह (32) ने ट्रेन केआगे कूदकर खुदकुशी कर ली। खुदकुशी करने से पहले उसने फेसबुक पोस्ट डाला था जिसमें पत्नी व सास की हरकतों से परेशान होने की बात कही थी।
मूलरूप से गाजीपुर निवासी सिद्धनाथ सिंह के बेटे अमित सिंह ने दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद राजधानी से प्रकाशित होने वाले एक दैनिक समाचार पत्र में संवाददाता के रूप में काम कर रहा था। अमित के साथ उसके पिता सिद्धनाथ भी हुसैनगंज तिलपुरवा में किराए के मकान में रहते हैं। बृहस्पतिवार सुबह अमित घर से ऑफिस जाने की बात कहकर निकला था। दोपहर में पिता को कैंट पुलिस ने अमित का शव रेलवे क्रॉसिंग पर मिलने की सूचना दी।
प्रभारी निरीक्षक नीलम राणा के मुताबिक, अमित ने सदर क्रॉसिंग के पास ट्रेन के आगे छलांग लगाई थी। उसके पास से मिले मोबाइल और परिचय पत्र से पहचान की गई। सिद्धनाथ की तहरीर पर अमित की पत्नी अनुराधा सिंह और उसकी मां किरण के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में केस दर्ज किया गया है। पिता ने कहा कि एक मई को बेटे की शादी आजमगढ़ के गोपालपुर निवासी अनुराधा सिंह से की थी। ससुराल आने के बाद से ही उसका रवैया ठीक नहीं था। वह पहले दिन से ही पति से विवाद करने लगी थी। शादी केदस दिन बाद अनुराधा सामान लेकर मायके वापस चली गई। इसके बाद नहीं आई। अमित ने सास किरन से भी बात की लेकिन वह बेटी को समझाने के बजाए उल्टा दोषी बताने लगी। इसी तनाव में अमित ने खुदकुशी की है। खुदकुशी के पहले अमित ने फेसबुक पर पत्नी अनुराधा और सास किरन को संबोधित एक पोस्ट डाली जिसमें दोनों को खुदकुशी के लिए जिम्मेदार ठहराया था।