प्रदेश सरकार नोएडा ग्रीनफील्ड जेवर एयरपोर्ट का भविष्य में दो रनवे से छह रनवे में विस्तार करेगी। इसके लिए कंसल्टेंट से स्टडी कराने से संबंधित कार्रवाई शुरू कर दी गई है। स्टडी रिपोर्ट आने के बाद रनवे विस्तार के लिए आवश्यक जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।
प्रदेश सरकार जेवर एयरपोर्ट को प्रदेश की अर्थव्यवस्था में बड़ा असर डालने वाले प्रोजेक्ट के रूप में देख रही है। ऐसे में इसकी पूरी क्षमता का जल्द से जल्द उपयोग करने के लिए इसकी विस्तार योजना पर भी साथ-साथ काम करने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जेवर एयरपोर्ट को दो रनवे का बनाने और भविष्य में इसे दो से बढ़ाकर चार या छह रनवे का करने के लिए कंसल्टेंट चयनित कर स्टडी कराने और रिपोर्ट के अनुसार भूमि क्रय की कार्रवाई का निर्देश दिया था।
नागरिक उड्डयन विभाग ने जेवर एयरपोर्ट के लिए विकासकर्ता के चयन की कार्रवाई पूरी करने के बाद इसके विस्तार से संबंधित कार्रवाई भी शुरू कर दी है। एयरपोर्ट का विस्तार छह रनवे में करने का प्रस्ताव है। इसके लिए कंसल्टेंट चयन से संबंधित प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई भी टाइमलाइन तय कर करने की योजना है।