केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कायस्थ समाज के लोगों का आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नए भारत के निर्माण के सपने को साकार करने में अपना योगदान दें।
उन्होंने कहा कि न्यू इंडिया का मतलब है कि गंदगी, गरीबी, अशिक्षा, जातिवाद, आतंकवाद और संप्रदायवादवाद से मुक्त भारत। आप सभी ऐसा भारत बनाने के लिए आगे आइए। उन्होंने कहा कि कायस्थ समाज कभी जाति बंधन की सीमाओं में नहीं सिमटा, जिसकी समाज को आज और भी ज्यादा जरूरत है।
राजनाथ शनिवार को कायस्थ समन्वय समिति की ओर से आयोजित कायस्थ समागम एवं युवा प्रतिभा सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कायस्थ समाज के प्रतिभाशाली युवाओं को 51 हजार रुपये का चेक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
राजनाथ ने कहा, प्रदेश का मुख्यमंत्री रहते मैंने महाराज चित्रगुप्त की जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था। एनेक्सी के नवनिर्मित भवन का नामकरण भी पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के नाम पर किया। हाईकोर्ट के सामने प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की मूर्ति भी लगवाई।