इस सप्ताह प्रदेश में कई जगह भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वांचल और मध्यांचल में मंगलवार को मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। यह सिलसिला चार-पांच दिन तक चलने की उम्मीद है। सोमवार को भी तराई क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई। इससे तापमान में पांच से छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। लखनऊ में सोमवार को बूंदाबांदी के बीच तापमान 35.9 डिग्री से घटकर सीधे 30.4 डिग्री सेल्सियस तक आ गया।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार से पूर्वी यूपी के करीब सभी जिलों में चार दिन तक मध्यम से भारी बारिश होगी। पश्चिमी यूपी में भी बारिश होगी, लेकिन अपेक्षाकृत कम होगी। उन्होंने बताया कि 20 सितंबर के बाद प्रदेश में बारिश का प्रभाव कम होना शुरू हो जाएगा। दक्षिण पश्चिम मानसून की 14 सितंबर से पश्चिमी राजस्थान से वापसी शुरू हो गई है।
ये भी पढ़ें - सीएम योगी ने मृत भाजपा कार्यकर्ता के पिता व भाई से की मुलाकात, बोले- दोषी पर कार्रवाई होगी
ये भी पढ़ें - दरोगा भर्ती के लिए आए 15.75 लाख आवेदन, लिखित परीक्षा की चार हफ्ते पहले जानकारी देगा बोर्ड
नौतनवा में सबसे ज्यादा बारिश
तराई क्षेत्र में सोमवार को अच्छी बारिश हुई। महाराजगंज जिले के नौतनवा में सबसे ज्यादा 135 मिमी बारिश दर्ज की गई। सिद्धार्थनगर में 64 मिमी, लखीमपुर खीरी के शारदानगर में 62.8 मिमी, बहराइच में 53.6 मिमी, बलिया में 48.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश और बूंदाबांदी से तापमान में पांच से छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
अयोध्या-बाराबंकी में भारी वर्षा की संभावना
चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, भदोही, जौनपुर, आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर।