सरकारी तेल कंपनियां प्रदेश में 9367 नए पेट्रोल पंप खोलेंगे। इसके लिए इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने 24 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। खास बात यह है कि इंडियन ऑयल की देखरेख में पहली बार पूरी आवंटन प्रक्रिया भी ऑनलाइन होगी।
यह जानकारी रविवार को विभूतिखंड स्थित इंडियन ऑयल भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में कार्यकारी निदेशक आईओसीएल और यूपी में राज्यस्तरीय समन्वयक तेल उद्योग अरुण कुमार गंजू ने दी।
गंजू ने बताया कि डीलरशिप आवंटन में पारदर्शिता के लिए थर्ड पार्टी का सहयोग लेकर प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया है।
इसके लिए www.petrolpumpdealerchayan.in पर आवेदन किए जा सकते हैं। रिटेेल बिक्री के लिए उद्यमियों के पास यह विशेष मौका है। इसकी वजह है कि आवेदन के नियम शिथिल किए गए हैं। अगर किसी के पास जमीन नहीं है तो भी वह आवेदन कर सकता है।
चयन के बाद प्रक्रिया पूरी कराने के समय लीज पर जमीन लेकर दस्तावेज दे सकता है। केरोसिन डीलर्स के अलावा मौजूदा पैट्रोल पंप मालिक भी आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया अभी तक इस पर चार वर्षों से रोक लगी थी। दस्तावेज केवल सफ ल आवेदकों के जांचे जाएंगे और लकी ड्रॉ ऑनलाइन होगा।