चारबाग रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए चलने वाली ट्रेनों को लखनऊ जंक्शन पर शिफ्ट करने की कवायद उत्तर व पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से की जा रही है।
विज्ञापन
इससे ट्रेनों का संचालन बेहतर होगा तो यात्रियों को राहत मिलेगी। नई व्यवस्था से टाइम की भी बचत होगी। दूसरी ओर लखनऊ जंक्शन पर गोरखपुर की ओर से आने व जाने वाली ट्रेनों को चारबाग शिफ्ट किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली के लिए चलने वाली गोमती एक्सप्रेस, एसी एक्सप्रेस व लखनऊ मेल उत्तर रेलवे के चारबाग रेलवे स्टेशन से रवाना होती हैं। ये ट्रेेनें लखनऊ से ही ओरिजनेट होती हैं।
विज्ञापन
वहीं पूर्वोत्तर रेलवे का लखनऊ जंक्शन टर्मिनेटिंग स्टेशन है। यानी यहां से ट्रेनों को आगे के सफर पर रवाना करने से पहले इंजन की रिवर्सिंग करनी पड़ती है। इसमें अमूमन 20 से 30 मिनट लग जाते हैं।
यात्रियों को होगी सुविधा
- फोटो : डेमो
उत्तर व पूर्वोत्तर रेलवे के आला अधिकारी चारबाग से ओरिजनेट होने वाली ट्रेनों को लखनऊ जंक्शन और जंक्शन पर आने वाली कुछ प्रमुख ट्रेनों को चारबाग पर शिफ्ट करने की कवायद में लगे हैं। इस बाबत कई चरणों में डीआरएम स्तर की बातचीत भी हो चुकी है।
वहीं मंत्रालय में रेलवे बोर्ड चेयरमैन का पद संभालने के बाद अश्विनी लोहानी ने इस ओर सक्रियता दिखाई है। ओरिजनेटिंग ट्रेनों, जैसे गोमती एक्सप्रेस, एसी व लखनऊ मेल को लखनऊ जंक्शन पर शिफ्ट कर दिया जाए, ताकि ट्रेनों का संचालन आसान हो जाए।
हालांकि, उत्तर रेलवे की शताब्दी एक्सप्रेस अभी लखनऊ जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर छह से रवाना होती है। इसी क्रम में अन्य ट्रेनों की शिफ्टिंग से चारबाग पर ट्रेनों का लोड भी कम हो जाएगा।
बता दें कि चारबाग रेलवे स्टेशन पर 282 ट्रेनों का आवागमन होता है, जिससे सवा लाख यात्री सफर करते हैं। जबकि लखनऊ जंक्शन पर करीब 90 गाड़ियों का संचालन होता है। ऐसे में लखनऊ जंक्शन की अहमियत भी बढ़ेगी और यात्रियों के लिए भी ट्रेन पकड़ना ज्यादा आसान हो जाएगा।
छह नंबर पर शिफ्ट होंगी तीन ट्रेनें
- फोटो : डेमो
चारबाग रेलवे स्टेशन से चलने वाली गोमती एक्सप्रेस, एसी एक्सप्रेस व लखनऊ मेल क्रमश: सुबह छह बजे, रात साढ़े ग्यारह बजे और रात सवा दस बजे रवाना होती हैं।
अगर, इन्हें लखनऊ जंक्शन पर शिफ्ट कर दिया जाता है तो टाइमिंग में क्या बदलाव होगा, इस पर मुख्यालय के आला अधिकारी मंथन कर रहे हैं। चूंकि, जंक्शन पर ट्रेनों की संख्या कम है। इसलिए टाइम बदलने से कुछ खास फर्क नहीं पड़ेगा।
एक ओर जहां चारबाग रेलवे स्टेशन से ओरिजनेट होने वाली ट्रेनों को लखनऊ जंक्शन पर शिफ्ट करने की कवायद चल रही है, वहीं दूसरी ओर जंक्शन के वीआईपी प्लेटफॉर्म नंबर छह की उपयोगिता बढ़ाने का खाका भी तैयार किया गया है।
मसलन, अन्य प्लेटफार्मों पर आने वाली ट्रेनें, जैसेकैफियत एक्सप्रेस, एलटीटी गोरखपुर एक्सप्रेस व अवध एक्सप्रेस को छह नंबर पर शिफ्ट किया जाएगा। जबकि इस प्लेटफॉर्म से पुष्पक व शताब्दी एक्सप्रेस का संचालन होता है। ट्रेनों की संख्या बढ़ जाने से कैब-वे की उपयोगिता भी बढ़ेगी।
लखनऊ जंक्शन पर ट्रेनों की शिफ्टिंग के बाद कैब-वे पर भीड़ बढ़ने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। दरअसल, अभी कैब-वे के रास्ते प्लेटफॉर्म नंबर छह पर शताब्दी व पुष्पक के यात्रियों को जाना होता है।
अगर, गोमती, एसी एक्सप्रेस व लखनऊ मेल को जंक्शन पर शिफ्ट कर दिया जाता है तो इन ट्रेनों से रवाना होने वाले पैसेंजर भी कैब-वे के जरिए गाड़ी से प्लेटफॉर्म तक पहुंचेंगे। इससे कैब-वे की भीड़ बढ़ेगी और जीआरपी-आरपीएफ को सुरक्षा के इंतजाम और भी मजबूत करने होंगे।
यह है ट्रेनों का शेड्यूल
ट्रेन लखनऊ से रवानगी टाइम
गोमती एक्सप्रेस(12419) सुबह 6 बजे 9.05 घंटे
लखनऊ मेल(12229) रात 10.15 बजे 9.05 घंटे
एसी एक्सप्रेस(12429) रात 11.30 बजे 8.05 घंटे