लखनऊ एयरपोर्ट पर युवक से बरामद सोना
- फोटो : अमर उजाला
अमौसी एयरपोर्ट पर शुक्रवार को कस्टम ने दुबई की फ्लाइट से उतरे तस्कर से 21.46 लाख रुपये का 542 ग्राम सोना पकड़ा। इसे पेस्ट के रूप में बनाकर तस्कर ने पीठ पर चिपका रखा था।
एयरपोर्ट पर तस्करी रोक ने के लिए कस्टम के आयुक्त वेद प्रकाश शुक्ल के दिशा-निर्देश पर डिप्टी कमिश्नर निहारिका लाखा की टीम लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। शुक्रवार को दुबई की फ्लाइट आईएक्स-194 एयरपोर्ट पहुंची तो यात्रियों के सामान की बारीकी से जांच हो रही थी। इसी बीच शक होने पर देवरिया के सुधीर शर्मा की कस्टम अधिकारियों ने गहनता से जांच की।
अफसरों ने बताया कि सुधीर ने सोने का पेस्ट बनाकर पीठ पर चिपका रखा था। बरामद 542 ग्राम सोने की कीमत 21,46,320 रुपये है। जांच टीम में पीयूष पांडेय, एपी सिंह, अमित बोस, प्रवीण मिश्र, शिरीष श्रीवास्तव, विमल कुमार, कुमार गौतम थे।
रीढ़ की हड्डी के आकार में ढाला था सोना
कस्टम अधिकारियों ने बताया कि स्कैनिंग में दिखा कि सुधीर की हड्डी में कुछ गड़बड़ी है। फिर सवाल उठा कि अगर ऐसा है तो वह सीधा कैसे चल रहा है? जांच में पाया कि सोने का पेस्ट रीढ़ की हड्डी के आकार में ढाला गया है। इस पर हल्का काला रंग किया गया, ताकि यह शरीर के रंग में मिल जाए।