लखनऊ। नाना के अंतिम संस्कार में दो बहनों को लेकर जा रहे भाई की बाइक में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक से कुचलकर एक बहन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। हेलमेट पहनने की वजह से भाई बाल-बाल मच गया। हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक को स्थानीय लोगों ने पीछा कर दबोचने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, आक्रोशित परिवारीजनों व ग्रामीणों ने जेहटा माल रोड पर शव रखकर सड़क पर जाम लगा प्रदर्शन शुरू कर दिया। एसडीएम सदर व एसीपी काकोरी ने आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया।
जेहटा गांव निवासी राजकुमार कनौजिया का बेटा रोहन शनिवार को नाना के अंतिम संस्कार में एलडीए कॉलोनी, बरिगवां जा रहा था। उसके साथ बाइक पर बहनें रीतिका उर्फ मुस्कान (19) और ईशा (12) भी बैठी थीं। जेहटा में अंबेडकर पार्क के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने रोहन की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे तीनों भाई-बहन सड़क पर गिरे तो रीतिका ट्रक से कुचल गई और उसकी मौत हो गई। वहीं ईशा गंभीर रूप से घायल हो गई। हेलमेट पहनने के कारण रोहन बाल-बाल बच गया। लोगों ने पीछा करके ट्रक चालक हनीफ को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल ईशा को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे से आक्रोशित परिवारीजनों व ग्रामीणों ने जेहटा में शव रखकर दुबग्गा माल रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे कुछ ही देर में लंबा जाम लग गया। एसीपी काकोरी आशुतोष कुमार व काकोरी इंस्पेक्टर काकोरी जितेंद्र बहादुर सिंह ने लोगों को समझाने का प्रयास किया मगर भीड़ बढ़ती ही जा रही थी। इसी बीच हादसे की जानकारी पाकर केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर व सपा प्रत्याशी सोनू कनौजिया भी मौके पर पहुंच गए और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। कौशल किशोर व सोनू कनौजिया ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का काफी प्रयास किया मगर वे मुआवजे की मांग पर अड़े थे।
24 घंटे फर्राटा भरते हैं डंपर
काकोरी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तेज रफ्तार में चलने वाले भारी वाहनों पर पुलिस कार्रवाई नहीं करती है। क्षेत्र में मिट्टी लदे डंपर भी 24 घंटे दौड़ते रहते हैं। जबकि इन्हेें रात में ही मिट्टी ढोने की अनुमति है। इसी से क्षेत्र में आए दिन हादसे होते हैं। शिकायत पर भी पुलिस सुनवाई नहीं करती है। एसडीएम सदर प्रमोद कुमार पांडेय व एसीपी काकोरी ने ग्रामीणों को मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। एसडीएम ने कहा कि मालदेवता मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनवा दिए जाएंगे ताकि तेज गति से गाड़ियां न चल सकें। इस पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन खत्म किया। काकोरी इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले में मृतका के पिता राजकुमार कनौजिया की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
परिवार में मचा कोहराम
नाना की मौत के चलते घर में वैसे ही माहौल गमगीन था। उस पर हादसे में रीतिका की मौत और ईशा के घायल होने से घर में कोहराम मच गया। परिवारीजनों ने बताया कि परिवार में पिता राजकुमार, बेटा रोहन व तीन बहनें थीं। इनमें रीतिका बरावन कलां स्थित एक विद्यालय में कक्षा नौ की छात्रा थी।