इंदिरानगर निवासी सचिवालय में तैनात समीक्षा अधिकारी के अनुसूचित जाति की युवती से प्रेम विवाह करने से गुस्साए दोस्त नवनीत पांडेय ने सोशल साइट और सोशल मीडिया पर उनकी जमकर बदनामी की।
उनकी पत्नी के खिलाफ अपशब्द कहने के साथ ही अश्लील मैसेज पोस्ट किए। समीक्षा अधिकारी को दोस्तों ने इस बात की जानकारी दी तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने नवनीत के खिलाफ इंदिरानगर थाने में आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज करा दिया है।
एसओ मुकुल प्रकाश वर्मा ने बताया कि आरोपी नवनीत पांडेय मिर्जापुर का रहने वाला है। वह समीक्षा अधिकारी के साथ दिल्ली में रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
दो जुलाई को उसे समीक्षा अधिकारी के अनुसूचित जनजाति की युवती से शादी करने की जानकारी मिली तो वह भड़क उठा। उसने समीक्षा अधिकारी की सोशल साइट पर उनकी पत्नी के चरित्र व समुदाय पर अश्लील व अभद्र टिप्पणी करते हुए कई पोस्ट डाले।
यही नहीं, नवनीत ने समीक्षा अधिकारी के 50 दोस्तों को भी उपरोक्त मैसेज फारवर्ड किए। समीक्षा अधिकारी का कहना है कि नवनीत ने उनकी पत्नी पर अमर्यादित टिप्पणी कर उन्हें दोस्तों-रिश्तेदारों के समक्ष शर्मसार कर दिया है।
उन्होंने नवनीत को फोन कर आपत्ति जताई लेकिन, उसे अपने मैसेज पर कोई अफसोस नहीं जताया। उसने फोन पर भी समीक्षा अधिकारी की पत्नी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने टाइम लाइन पर लिखे मैसेज के प्रिंट आउट, स्क्रीन शॉट व अन्य साक्ष्य पुलिस को सौंपे हैं।