राजधानी के सबसे व्यस्त ट्रैफिक वाले अवध चौराहे पर यातायात सुगम बनाया जाएगा। इसके लिए चारों तरफ की सड़कों पर फ्री लेफ्ट लेन तैयार की जाएंगीं। ये लेन इस तरह तैयार होंगी कि सीधे जाने वाले ट्रैफिक के वाहन इसमें जबरन न घुस सकें। अगर वाहन चालक गलत दिशा में जाएंगे तो उन्हें लंबा चक्कर लगाकर चौराहे पर ही आना होगा। इसी महीने पीडब्ल्यूडी इस पर अपना काम शुरू करा देगा।
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि करीब एक लाख वाहन इस चौराहे से पूरे दिन में गुजरते हैं। इसमें बाहर से आने वाले वाहनों के अलावा शहर में आने-जाने वाले वाहन भी शामिल हैं।
ट्रैफिक लोड अधिक होने से रेड सिग्नल होने पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। इसके चलते पीक ऑवर में वाहन सवार तीन से चार बार ग्रीन सिग्नल होने पर ही चौराहा पार कर पाते हैं। इससे ट्रैफिक पुलिस भी चौराहे पर पूरे दिन जूझती रहती है।
अधिशासी अभियंता मनीष वर्मा ने बताया कि अब चौराहे पर सभी तरफ की रोड पर फ्री लेफ्ट लेन बनाई जाएगी। इस पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। यह स्थायी व्यवस्था होगी।
जागरूकता के लिए साइनेज भी लगाए जाएंगे ताकि लेफ्ट फ्री लेन में गलत दिशा के वाहन न घुसें। इसके लिए ग्रीन सिग्नल का इंतजार नहीं करना होगा। अगर कोई इस लेफ्ट फ्री लेन में आया भी तो उसे लंबा चक्कर काटकर वापस चौराहे से ही गुजरना होगा।
सफल रहा ट्रायल
सहायक अभियंता अनिल यादव ने बताया कि पीडब्ल्यूडी यहां अस्थाई तरीके से ट्रायल भी कर चुका है जो सफ ल रहा। अब इसे स्थायी रूप से विकसित किया जा रहा है। चौराहे पर यातायात सुगम बनाने के लिए आवश्यक बदलाव भी इसमें शामिल हैं।
इन सड़कों का ट्रैफिक पहुंचता है चौराहे पर
- कानपुर की तरफ से आ रहे हाइवे
- दुबग्गा बाईपास
- आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे
- वीआईपी रोड (रायबरेली रोड के लिए जाने वाली कनेक्टिंग रोड)
- आशियाना योजना की कनेक्टिंग रोड
- चारबाग, आलमबाग जाने वाली रोड
चौराहों से हटाने होंगे ई-रिक्शा, ठेले-खोमचे
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का कहना है कि चौराहे पर यातायात सुगम करने के लिए यहां से ठेले-खोमचे और ई-रिक्शा को भी हटवाना होगा। इससे भी जाम लगता है।