फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विधानसभा का टिकट दिलाने के नाम पर व्यापारी से 30 लाख रुपये की ठगी

विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। एक बड़े राजनीतिक दल से सिराथू विधानसभा से टिकट दिलाने के नाम पर कौशांबी के रहने वाले व्यापारी फरीद खान से 30 लाख रुपये की ठगी की गई है। पीड़ित का आरोप है कि उसने आशियाना इलाके के पुराने किला स्थित पार्टी के मंडल कार्यालय में रुपये दिए थे। रुपये लेने वाले व्यक्ति ने उनको पार्टी के लेटर पैड पर नकदी हासिल करने का पत्र भी दिया था। ठगी के संबंध में पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर से मिलकर शिकायत की। इस मामले में कमिश्नर ने जांच का आदेश दिया है। इस पर आशियाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन

कौशांबी जनपद के व्यापारी और समाजसेवी फरीद खान के मुताबिक वर्ष 2012 में उन्होंने सिराथू विधानसभा से चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था। उनका आरोप है कि कुछ दिन पहले इलाके के एक राजनैतिक पार्टी के नेता ने उनके एक रिश्तेदार शोएब को कॉल कर बताया कि फरीद को इस बार पार्टी टिकट देना चाहती है। फरीद खान को एक नंबर दिया और कॉल करने के लिए कहा गया। 21 नवंबर को पीड़ित ने इस नंबर पर कॉल किया। कॉल रिसीव करने वाले ने टिकट के बदले में 70 लाख रुपये की मांग की। इस पर फरीद ने इतना पैसा देने से मना कर दिया। बातचीत के दौरान टिकट का सौदा 30 लाख रुपये में तय हुआ। आरोप है कि 24 नवंबर को वह अपने रिश्तेदार के साथ रुपये लेकर लखनऊ पहुंचे। लखनऊ पहुंचने के बाद पीड़ित ने उसी व्यक्ति को कॉल किया। बातचीत के बाद पीड़ित को आशियाना के पुराना किला स्थित मंडल कार्यालय भेजा गया। वहां पहुंचने के बाद उनसे 30 लाख रुपये ले लिए गए और इसके एवज में पार्टी के लेटर हेड पर रिसीविंग भी दी गई। रुपये देने के बाद पीड़ित वापस पार्टी कार्यालय पहुंचे और एक नेता से मुलाकात कर सारी बात बताई। इसके बाद छानबीन की गई तो पता चला कि पीड़ित के साथ ठगी की गई है। जिस नेता ने यह साजिश रची थी उसने एक सप्ताह में रुपये वापस करने का आश्वासन दिया था। आरोप है कि एक सप्ताह बाद भी रुपये नहीं मिले। इस पर शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर से मिलकर मामले की शिकायत की। वहीं पीड़ित फरीद खान ने आशियाना पुलिस से भी लिखित शिकायत की है। प्रभारी निरीक्षक आशियाना धीरज शुक्ला के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें