ऑस्ट्रेलियन क्रिकेटर स्टीव वॉ की क्रिकेट अकादमी का आकर्षण दिखाकर पैसे हड़पने की श्रीइंफ्राटेक बिल्डर्स की बड़ी कारस्तानी सामने आई है। श्रीइंफ्राटेक बिल्डर्स ने पहले तो करीब 200 लोगों को 400 एकड़ की कथित टाउनशिप में प्लॉट और विला बेच दिया।
जब उसके पास निवेशकों से करोड़ों रुपये आ गए तो गुपचुप तरीके से योजना ही ड्रॉप कर दी। अब निवेशक पैसे वापस मांग रहे हैं तो बिल्डर मुकर गया है। यही नहीं, कुछ निवेशकों को आश्वासन देकर चेक तो दिया, लेकिन वह बाउंस हो गया।
इसे लेकर निवेशकों ने बृहस्पतिवार को उसके दफ्तर में हंगामा किया। एशिया की पहली स्पोर्ट्स टाउनशिप का दावा करने वाले श्रीइंफ्राटेक बिल्डर ने राजधानी के मोहनलालगंज के बनी रोड पर क्रिकेट काउंटी योजना का आकर्षण दिखाया था।
क्रिकेटर स्टीव वॉ के नाम पर निवेशकों ने इस योजना में निवेश कर दिया। बिल्डर ने निवेशकों को तीन साल में प्लॉट की कीमत करीब दो गुना होने का लालच दिया था।
एक निवेशक शिव शर्मा ने कहा कि निदेशकों ने 5 लोगों के खाते में बृहस्पतिवार को आरटीजीएस करने की बात कही थी, लेकिन किसी के खाते में बिल्डर की ओर से कोेई रकम क्रेडिट नहीं हुई।
लाइव मैच दिखाने का था वादा
क्रिकेटर स्टीव वॉ के नाम पर ठगी
- फोटो : amar ujala
लखनऊ के न्यू हैदराबाद कालोनी निवासी डॉ. डीके त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने किश्तों में भूखंड खरीदा था। 40 प्रतिशत रकम के रूप में सात लाख रुपये जमा किए। जून 2016 में किसी से पता चला कि बिल्डर ने योजना ड्रॉप कर दी है।
जब निवेशकों ने कंपनी के अधिकारियों से ब्याज समेत रकम लौटाने को कहा तो वे मुकर गए। बाद में दबाव बढ़ने पर कहा कि जितना पैसा निवेश किया है, सिर्फ उतना ही लौटाया जाएगा। यह भी तीन-चार किस्तों में देना तय हुआ।
त्रिपाठी ने बताया कि 1.32 लाख रुपये का पहला ही चेक बाउंस हो गया क्योंकि बिल्डर के खाते में पैसा ही नहीं था। अब तो कंपनी के लोग सिर्फ टाइम ही बढ़ा रहे हैं। कंपनी का साइट ऑफिस बंद हो चुका है।
लालबाग ऑफिस में भी इक्का-दुक्का कर्मचारी मिलते हैं। निदेशक तो मिलते भी नहीं हैं। कानपुर के किशोर मनवानी का कहना है कि स्टीव वॉ क्रिकेट अकादमी और एलडीए से स्वीकृत योजना के चलते भरोसा किया।
बिल्डर को ब्याज समेत पैसे वापस करना चाहिए, लेकिन वह तैयार नहीं हैं। बिल्डर ने सभी निवेशकों को सपा दिखाया था कि टाउनशिप बसने के बाद यहां फर्स्ट क्लास क्रिकेट के मैच होंगे। खुद स्टीव वॉ की अकादमी इन मैच को आयोजित कराएगी। एक स्टेडियम भी बनाया जाएगा। जिसमें स्टीव वॉ लोगों को क्रिकेट का प्रशिक्षण देंगे।