शहर के ला-मार्टीनियर ग्राउंड में चल रही लखनऊ फुटबॉल लीग में ब्रायन इलेवन और दिलकुशा एफसी के बीच खेला गया मुकाबला लड़ाई का अखाड़ा बन गया।
मैच के दौरान पिछड़ रही दिलकुशा एफसी के खिलाड़ियों ने समर्थकों के साथ मिलकर ब्रायन इलेवन के पांच खिलाड़ियों की जमकर धुनाई की। मुकाबले को नियंत्रित करने में नाकाम आयोजकों ने जवाबदेही से बचने के लिए अपने मोबाइल फोन स्विचऑफ कर दिए।
ला-मार्टीनियर ग्राउंड में आयोजित प्रतियोगिता में मध्यांतर के समय तक ब्रायन इलेवन के खिलाड़ियों ने 3-0 से बढ़त ले रखी थी।
इस दौरान ब्रायन इलेवन का स्ट्राइकर का बूट दिलकुशा एफसी को लग गया और से मुकाबला लड़ाई का अखाड़ा बन गया।
इसके बाद ग्राउंड में मौजूद दिलकुशा एफसी के समर्थकों ने अपने खिलाड़ियों के साथ मिलकर ब्रायन इलेवन के खिलाड़ियों को लात-घूसों की बरसात कर दी और सभी को दौड़ा- दौड़ाकर पीटा।
आयोजकों ने बीचबचाव का प्रयास किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इस पूरे मामले की जानकारी के लिए जब आयोजकों को फोन किया गया तो अधिकतर का फोन स्विचऑफ रहा।
जिन्होंने फोन उठाया भी तो उन्होंने मैच के दौरान ग्राउंड में मौजूद न होने की बात कहकर मामले से पल्ला झाड़ लिया। पीड़ितों में ऋषभ, सार्थक, क्षितिज, अभिषेक और वैभव हैं।