राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर इलाके में शनिवार को तेल टैंकर से ब्लेंडेड पेट्रोल चुराते गिरोह के पांच गुर्गों को गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई पुलिस, आबकारी विभाग और खाद्य एवं रसद विभाग की संयुक्त टीम ने मिलकर की। आरोपियों के दो साथी भाग निकले। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से केमिकल भरे 200 लीटर वाले 38 ड्रम, पेट्रोल व डीजल से भरे कई ड्रम, एक जनरेटर, एक मोटर लगी फिलिंग मशीन, टैंकर (सीजी 10 बीएस7183), एसयूवी, पिकअप और बाइक मिली है।
अनौरा के अजय यादव, ओम प्रकाश यादव, आजादनगर के मिराजुद्दीन, जौनपुर के सरपतहा वासुपुर निवासी जगदीप प्रजापति और सरोजनीनगर के अरुण कुमार को गिरफ्तार किया। मौके से टैंकर चालक आजमगढ़ के फूलपुर अमभारी निवासी सोनू बिंद और एक युवक भाग निकला।
इंस्पेक्टर ने बताया कि तलाशी में टैंकर के केबिन से फाइल बरामद हुई। फाइल चेक करने पर पता चला कि टैंकर में ब्लेंडेड पेट्रोल था और उससे संबंधित दो सेल्स इनवॉइस की चार-चार प्रतियां बरामद हुईं। टैंकर में कुल 20 हजार लीटर ब्लेंडेड पेट्रोल पेट्रोल भरा हुआ है।
फाइल जांचने पर पता चला कि टैंकर मालिक छत्तीसगढ़ के बिलासपुर का शिव प्रकाश गुप्ता है। बरामद केमिकल के नमूने फोरेंसिक प्रयोगशाला को भेज दिए गए हैं। मामले में इंस्पेक्टर की तरफ से चोरी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।