श्रावस्ती जिले के चमारन पुरवा निवासी एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव सोमवार को उसी के कमरे में बड़ेर में दुपट्टे के फंदे के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची इकौना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
इकौना क्षेत्र के ग्राम भलुहिया दसौंधी के मजरा चमारन पुरवा निवासी मालिकराम गौतम ने अपनी पुत्री नेहा (20) का विवाह गोंडा के इटियाथोक क्षेत्र के ग्राम गुरदन डिहवा में तय कर रखा था। 22 मई को नेहा की बारात आनी थी। घर में शादी की सभी तैयारी पूरी हो चुकी थी।
ये भी पढ़ें - अवध के कई जिलों में गिरे ओले, पूर्वांचल में चार मौतें; आज कई इलाकों में हो सकती है बारिश, सीएम योगी ने दिए ये निर्देश
ये भी पढ़ें - जगदगुरू परमहंस आचार्य की सुरक्षा में कटौती, तपस्वी छावनी पर कब्जे की आशंका, हनुमानगढ़ी से मिला समर्थन
रविवार रात नेहा ने अपने होने वाले पति अमित कुमार पुत्र रामदीन गौतम से मोबाइल पर बात की थी। इस बीच अचानक किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। इसके बाद नेहा ने अपना फोन बंद कर लिया था। सोमवार सुबह जगे परिजनों ने देखा कि नेहा का शव घर की बड़ेर में दुपट्टे के फंदे के सहारे लटक रहा है। इसकी जानकारी सुबह परिजनों ने इकौना पुलिस को दी।
फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया बाद में उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार दुबे ने बताया कि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। इसके कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा। उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।