आईआरसीटीसी की ओर से पहली भारत गौरव ट्रेन 21 जून को रवाना होगी। इस यात्रा के अंतर्गत पैसेंजरों को श्री रामायण यात्रा कराई जाएगी जोकि 18 दिनों की होगी। खास बात यह है कि इस यात्रा का किराया 62,370 रुपये है। इसका भुगतान आसान किश्तों में दो साल में कर सकते हैं। यह सुविधा पहली बार शुरू की जा रही है।
भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने यह जानकारी दी। वह बुधवार को गोमतीनगर स्थित होटल लिनेज में आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी दे रहे थे। उन्होंने बताया कि भारत गौरव ट्रेन की सेवा रेल मंत्रालय द्वारा पहली बार शुरू की जा रही है। जिसके संचालन का जिम्मा आईआरसीटीसी संभाल रही है। पहली भारत गौरव यात्रा 21 जून को रवाना होगी।
इसकेतहत श्री रामायण यात्रा कराई जाएगी, जोकि दिल्ली से शुरू होगी और अयोध्या, बक्सर, सीतामढ़ी होते हुए पहली बार नेपाल के जनकपुर तक जाएगी, वहां से लौटकर ट्रेन वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, नासिक, हम्पी, रामेश्वरम, कांचीपुरम, भद्राचलम होते हुए वापस दिल्ली लौटेगी। यह यात्रा 18 दिनों की है। ट्रेन की बोगियां अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी, जिनका निर्माण आलमबाग में करवाया जा रहा है। जो अगले दस से पंद्रह दिनों में बनकर तैयार हो जाएंगी।
यह ट्रेन थीम बेस्ड होगी। ट्रेन में 14 बोगियां होंगी, जिसमें थर्ड एसी के11 कोच सहित एक पैंट्री कार व दो लगेजयान रहेंगे। रामायण यात्रा के तहत ट्रेन आठ हजार किलोमीटर का सफर करेगी। ट्रेन में कुल 600 सीटें हैं, जिसमें से 285 बुक हो चुकी हैं। इसमें 61 महाराष्ट्र से, 55 यूपी से, 48 राजस्थान से बुक की गई हैं। यात्रा की खास बात यह होगी कि प्रति यात्री 62,370 रुपये किराया है, जिसका भुगतान दो साल तक किश्तों में करने का विकल्प दिया गया है। सीटों की बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर कराई जा सकती है। इतना ही नहीं पहले आने वाले 50 फीसदी यात्रियों को किराए में पांच फीसदी की छूट भी दी जा रही है।