जनसमुदाय की सेहत को ध्यान में रखते हुए फुटकर स्तर पर खानपान सामग्री बिकवाने के लिए लागू होने वाली सेफ स्ट्रीट फूड जोन की परियोजना रिपोर्ट तैयार हो गई है।
इसे तैयार करने की जिम्मेदारी संभालने वाली नोडल एजेंसी दो दिन में तैयार कार्ययोजना को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित कोर कमेटी को सौंपने की तैयारी में है।
इसके बाद ही तैयार प्रोजेक्ट रिपोर्ट को कोर कमेटी की संस्तुति के साथ खाद्य सुरक्षा मानक प्राधिकरण,नई दिल्ली को भेजा जाएगा। इस योजना का उद्देश्य सुरक्षित व स्वास्थ्यवर्धक माहौल में खाद्य सामग्री की बिक्री को सुनिश्चित कराना है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी जेपी सिंह ने बताया कि प्रस्तावित कार्ययोजना का प्रोजेक्ट नगर निगम,स्वास्थ्य विभाग,बांटमाप विभाग,आपूर्ति विभाग, पशु चिकित्सा विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक व मुख्य सचिव स्तर पर गठित कोर कमेटी के मशवरे के आधार पर तैयार किया गया है।
प्रोजेक्ट में शहर के आठ चिह्नित इलाकों में सेफ स्ट्रीट फूड जोन बनाने की संस्तुति करते हुए वहां के माहौल को खाद्य सामग्री बेचने के दौरान साफ सुथरा व स्वास्थ्यवर्धक बनाने की बात कही गई है।
ऐसे सेफ बनेगा फूड जोन
सेफ फूड जोन में संचालित दुकानदारों को साफ-सफाई के साथ गुणवत्तायुक्त सामग्री का इस्तेमाल करते हुए खानपान तैयार करने के नियमों का पालन कराया जाएगा।
मसलन खाद्य पदार्थ सुरक्षित व कवर युक्त बर्तनों में ही रखें,दुकान के आसपास किसी भी तरह की गदंगी व कूड़ा इत्यादि एकत्रित न होने दें,दुकानों में काम करने वाले स्टाफ को साफ-सुथरे कपड़ों के साथ हाथ में प्लास्टिक दस्ताना पहन कर ही सर्विस करने दें।
चिह्नित जोन के आसपास आवारा जानवरों के प्रवेश को रोकने के लिए नगर निगम के स्तर से अलग से ठोस प्रयास किए जाएंगे।
पूर्व में प्रस्तावित हजरतगंज, अंबेडकर पार्क सामाजिक परिवर्तन स्थल व गोल मार्केट को फिलहाल चिन्हित इलाकों में शामिल नहीं किया गया है।