अमर उजाला हेल्पलाइन में गुरुवार को आईएमए सदस्य और मूत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. धर्मवीर सिंह ने लोगों के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने बताया कि बार-बार टॉयलेट जाना पड़ रहा हो तो चिकित्सक से सलाह लेनी चाहिए। शुरुआती दौर में इलाज हो जाने से आराम मिल जाता है अन्यथा बाद में सर्जरी की जरूरत पड़ती है। प्रमुख सवाल जिसे ज्यादातर लोगों ने पूछा।
सवालः पेशाब की अचानक इच्छा होती है और टॉयलेट जाते जाते छूट जाती है। - कृष्ण कुमार बादशाह नगर, जमील अहमद कैंट
जवाबः पेशाब कंट्रोल नहीं होने की स्थिति को चिकित्सकीय भाषा में अति सक्रिय मूत्राशय कहा जाता है। बढ़ती उम्र, बढ़े हुए प्रोस्टेट, मधुमेह की वजह से यह समस्या आती है। व्यायाम और कुछ दवाओं से यह समस्या दूर हो जाती है। पेशाब से बचने के लिए पानी की मात्रा कम नहीं करना चाहिए।
सवालः पेशाब की धार में कमी है। क्या करें?- आरएन त्रिवेदी गोमती नगर, शिवसागर आलमबाग
जवाबः हर उम्र में इसकी अलग वजह होती है। 50 साल से अधिक उम्र वालों में इसकी मूल वजह प्रोस्टेट होती है। मूत्र रोग विशेषज्ञ से जांच कराएं। कुछ दवाओं से ठीक हो जाता है अन्यथा सर्जरी करनी पड़ती है।
पेशाब में आ रही सफेदी
डॉ धर्मवीर सिंह
- फोटो : अमर उजाला
सवालः पेशाब के दौरान दर्द और असहजता महसूस होती है।- सुमन गोमती नगर, प्रियंका कृष्णा नगर
जवाबः इसे डिस्युरिया कहा जाता है। मूत्र की विश्लेषणात्मक जांच और कल्चर जांच से स्थिति का पता लग जाता है। महिलाओं में स्राव हो तो पेल्विक क्षेत्र और स्राव का परीक्षण किया जाता है। पुरुषों में स्राव की स्थिति में उसकी जांच की जाती है। दवा खाने से समस्या दूर हो जाती है।
सवालः पेशाब में सफेदी आ रही है। क्या करें?- अनुराग गोमती नगर, वीरेंद्र रेलवे कॉलोनी
जवाबः दवाओं के सेवन, खाद्य पदार्थ, संक्रमण और गुर्दे की बीमारी की वजह से यह समस्या होती है। कुछ दवाएं दी जाती हैं, जिससे आराम मिल जाता है।