प्रदेश में तमाम कोशिशों के बाद भी डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया समेत अन्य बीमारियों के मरीज कम नहीं हो रहे हैं। दो दिन में डेंगू के 157 नए मरीज मिले हैं। इस तरह डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 5300 हो गई है। वर्तमान में मलेरिया के 4230, स्क्रब टाइफस के 203 और चिकनगुनिया के 35 मरीज हैं। जबकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार निगरानी करने और लोगों को जलनिकासी के बारे में जागरूक करने का दावा किया जा रहा है। पर अस्पतालों में ऐसे मरीजों के आने का सिलसिला जारी है।
बारिश के बाद अब डेंगू सहित अन्य मच्छरजनित बीमारियों के बढ़ने की आशंका है। ऐसे में जलभराव वाले इलाके में मच्छरों का लार्वा खाने वाली गंबूजिया मछलियां को छोड़ने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को जगह चिह्तिन कर उसकी सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। मछली छोड़वाने का काम नगर विकास विभाग करेगा।
सीएचसी स्तर पर बढ़ाई निगरानी
सभी जिलों में जिला स्तर पर बनी संक्रामक नियंत्रण टीम की तरह ही सीएचसी स्तर पर भी एक टीम बनाने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी इलाके में पांच से अधिक मरीज मिलने पर संबंधित क्षेत्र में विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
डेंगू सहित अन्य बीमारियों की रोकथाम के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। डेंगू के मरीज मिलने पर जांच दायरा बढ़ाया जा रहा है। बारिश ज्यादा हुई है। ऐसे में लोगों से अपील है कि घर के आसपास जलभराव न होने दें। कूलर और गमलों की नियमित सफाई करते रहें। -डॉ वेदब्रत, महानिदेशक स्वास्थ्य
लखनऊ में डेंगू के 24 नए मरीज मिले
राजधानी लखनऊ में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार को यहां अलग-अलग अस्पतालों के ओपीडी में डेगूं के 24 नए मरीज आए हैं। पिछले पांच दिन में सौ से अधिक नए मामले आ चुके हैं। लोहिया संस्थान की ओपीडी में 15 मरीज डेंगू पॉजिटिव आए हैं। सभी को भर्ती किया गया है। लोकबंधु की ओपीडी में दिखाने आए पांच मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि इनमें से चार को भर्ती किया गया है। इसी तरह सिविल अस्पताल में भी चार मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। एलाइजा जांच के लिए इनका नमूना भेजा गया है। सीएमओ डॉ. मनोज का कहना है घर पर रुककर इलाज करवा रहे मरीजों की कमांड सेंटर से हाल लिया जा रहा है।
कानपुर रोड की तरफ से आ रहे मामले
लखनऊ में डेंगू से संबंधित मामले कानपुर रोड की तरफ से आ रहे हैं। इन इलाकों में हॉटस्पॉट चिह्नित करते हुए 28 सितंबर से 2 अक्तूबर तक विशेष संचारी रोग के तहत टीमें घर-घर जाकर चेकिंग करेंगी। साथ ही डेंगू पीड़ितों को दवाएं उपलब्ध कराएंगी। अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले को दो अक्तूबर को सम्मानित किया जाएगा।
33 घरों में मिला डेंगू का लार्वा नोटिस
डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को लखनऊ के त्रिवेणीनगर वार्ड का निरीक्षण किया। नगर मलेरिया इकाई एवं जिला मलेरिया अधिकारी की टीम ने त्रिवेणीनगर, कवि जयशंकर प्रसाद, दौलतगंज, अयोध्यादास प्रथम, रुचिखंड, शंकरपुरवा प्रथम वार्ड के आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण किया। कुल 1760 घरों का सर्वेक्षण किया गया। 33 घरों में डेगूं का लार्वा मिलने पर नोटिस जारी किया गया।