लखनऊ। जानकीपुरम इलाके से 22 मार्च को लापता होम्योपैथिक छात्रा अस्मिता गौतम (24) का शव बाराबंकी के लोनीकटरा इलाके में गोमती नदी में मिला। शरीर पर खरोंचों के निशान थे। ग्रामीणों ने नदी में शव उतराता देख पुलिस को सूचना दी थी। परिवारीजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं आया है। बिसरा सुरक्षित रखा गया है। जानकीपुरम पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है।
लोनीकटरा कोतवाली क्षेत्र के बेहटा गांव से निकली गोमती नदी में एक युवती का शव उतराता दिखा। सूचना पर लोनीकटरा प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ यादव वहां पहुंचे। शव को बाहर निकाला गया। शव सात-आठ दिन पुराना लग रहा था। आसपास के लोग शव की शिनाख्त नहीं कर सके थे। इसी दौरान गुमशुदगी का ब्योरा आने पर पता चला कि लखनऊ के जानकीपुरम थाना क्षेत्र से अस्मिता नाम की छात्रा गायब है। उसके घर वाले वहां पहुंचे और शव की शिनाख्त अपनी बेटी के रूप में की।
प्रभारी निरीक्षक जानकीपुरम कुलदीप सिंह के मुताबिक, घर वालों ने किसी से रंजिश नहीं जताई है। वह होम्योपैथिक कॉलेज में पढ़ती थी। 22 मार्च को वह घर से निकली थी। उसके बाद से लौटी नहीं थी। घर वाले उसकी तलाश कर रहे थे। जानकीपुरम थाने में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज करा दी गई थी। जानकीपुरम पुलिस मंगलवार को उसकी सहेलियों और कॉलेज प्रशासन से भी इस बारे में पूछताछ करेगी।