लखनऊ के चिनहट के विकल्प खंड में मल्हौर पुलिस चौकी से महज सौ मीटर दूर बदमाशों ने शुक्रवार को दिनदहाड़े मीटर चेक करने के बहाने जिला पंचायत कौशांबी में तैनात इंजीनियर अभय सिंह के घर धावा बोला।
विज्ञापन
घर में अकेले नौकर को बंधक बनाकर इत्मीनान से सेफ व सूटकेस खंगाले और लाखों का माल बटोर ले गए। बहरहाल पुलिस को नौकर पर ही शक है। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इंजीनियर सिद्धार्थनगर की विधायक लाल मुन्नी सिंह का दामाद है।
एसओ चिनहट सुरेश कुमार यादव ने बताया कि इंजीनियर की पत्नी सुमन सिंह बृहस्पतिवार शाम चार बजे नौकर मोहित को घर की रखवाली का जिम्मा सौंप बेटी दीपांशी, अभया व बेटे आदित्य को लेकर कौशांबी चली गई थी।
विज्ञापन
बहराइच के हुजूरपुर क्षेत्र के रहने वाले मोहित का कहना है कि शुक्रवार सुबह करीब 11.30 कॉलबेल बजी। बाहर खड़े दो लोगों ने बिजली का मीटर चेक कराने को कहा। उसने गेट खोला। मीटर की तरफ बढ़ने के साथ उसमें से एक ने पानी मांगा। वह फ्रिज से पानी की बोतल लेकर लौटा।
इस बीच दोनों ड्राइंग रूम में आ धमके। एक ने मुंह दबाकर गिराया और दूसरे ने तौलिया से हाथपैर बांधने के साथ उसे डाइनिंग टेबल से बांध दिया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाशों ने बाहर खड़े अपने साथियों को बुला लिया।
पड़ोसियों ने पुलिस को दी जानकारी
प्रथम तल पर सुमन सिंह के बेडरूम में जाकर सेफ का लॉकर तोड़ा। इसके साथ घर में रखी दो अन्य अलमारी व सूटकेस खंगालकर नगदी, गहने बटोरा, जबकि तीन अन्य अलमारियों को हाथ नहीं लगाया। बकौल मोहित, बदमाशों के जाने के काफी देर बाद हिम्मत जुटाकर उसने खुद को खोला और बाहर आकर शोर मचाया। आसपास के लोगों को वारदात की जानकारी दी। पड़ोसियों ने पुलिस कंट्रोल रूम फोन किया।
विधायक के दामाद के घर दिनदहाड़े डकैती की की जानकारी पर डीआईजी रेंज आरकेएस राठौर व सीओ गोमतीनगर सत्यसेन यादव ने मौके पर पहुंचकर छानबीन के साथ फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट व डॉग स्क्वॉयड को कॉल की। पुलिस की एक टीम को सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के आदेश दिए लेकिन घर के आसपास सीसीटीवी कैमरा नहीं था।
सारा कीमती सामान बटोर ले गए बदमाश
अभय व सुमन सिंह के घर दिनदहाड़े डकैती का पता चलते ही विधायक लाल मुन्नी सिंह का बेटा उग्रसेन सिंह मौके पर पहुंचा। उग्रसेन ने कहा कि घर में रखी नगदी व गहनों का ब्यौरा नहीं है लेकिन बदमाशों ने उन्हीं स्थानों को खंगाला जहां नगदी, गहने व अन्य कीमती सामान रखा जाता था। उग्रसेन ने लाखों का माल जाने की बात कही। बोले कि बहन सुमन सिंह के आने पर सही जानकारी मिल सकेगी।
पुलिस को इसलिए नौकर पर है शक
कमरे की गंध सूंघने के बाद खोजी कुत्ता तेजी से इंजीनियर अभय सिंह के घर से निकला। कुछ दूर जाकर ठिठका। इसके बाद लौटकर अभय के घर के सामने ही रुक गया।
उन्हीं सेफ और अलमारियों को खंगाला जिनमें गहना-नगदी थी
बदमाशों का उन्हीं सेफ व अलमारियों को खंगाला जिनमें नगदी, गहने व अन्य कीमती सामान रखा था। तीन अलमारियों को नहीं खोला। नौकर ने जिन दो तौलियों से खुद को बंधक बनाए जाने की जानकारी दी, उनसे किसी को देर तक बांधे रखना भी पुलिस के गले नहीं उतर रहा। सुमन सिंह के बच्चों के साथ कौशांबी जाने के अगले दिन वारदात अंजाम दिया जाना भी पुलिस को खटक रहा है।
जब दरवाजा बंद था तो बदमाशों को जाते कैसे देखा?
सीओ सत्यसेन यादव ने बताया कि मोहित कह रहा है कि करीब तीन घंटे बाद उसने पांच बदमाशों को घर से निकलते देखा। किसी तरह बंधन खोले और शोर मचाया। मोहल्ले की एक महिला ने कमरा खोला। इससे पहले खुद ही घर से निकलकर शोर मचाने की बात कही। पर जब कमरे का दरवाजा बंद था तो उसने बदमाशों को निकलते कैसे देखा?
सीओ गोमतीनगर व एसओ चिनहट ने मोहित से पूछताछ के साथ मुखबिरी या साजिश का शक जताया। कहा कि मोहित के मोबाइल की कॉल डिटेल मंगाई गई है। मोहित ने पांच बदमाशों के वारदात अंजाम देने का बयान दिया लेकिन असलहों की जानकारी नहीं दे सका।
मीटर चेक करने के बहाने घर में घुसे बदमाशों के बगैर हथियार के बंधक बनाना और मोहित का शोर न मचाना संदेह पैदा कर रहा है।
पता लगाया जा रहा है कि मोहित के घर में अकेले होने की जानकारी कितने लोगों को थी? सुमन सिंह के कौशांबी जाने के बाद घर पर कौन-कौन आया? मोहित की गतिविधियों का भी पता लगाया जा रहा है।