सेक्टर-9 डी स्थित नेक्टर लाइफ साइंस लिमिटेड कंपनी की शिकायत पर सीबीआई दिल्ली की एंटी करप्शन की टीम ने चंडीगढ़ सीबीआई कार्यालय से विभाग के एक इंस्पेक्टर रविंदर सिंगला को गिरफ्तार किया है। सिंगला पर कंपनी की कार को एक साल तक जबरन अपने पास रखने का आरोप है।
वहीं इस मामले में दिल्ली से गौतम शर्मा नामक व्यक्ति की गिरफ्तारी की गई है। वह इंस्पेक्टर का दोस्त बताया जा रहा है। उसके पास से जांच एजेंसी को कई अहम दस्तावेज भी मिले हैं। सीबीआई ने दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम समेत आपराधिक साजिश रचने की धाराओं में केस दर्ज किया है। दोनों को जांच एजेंसी ने वीरवार को सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया। कोर्ट ने दोनों का चार दिन का ही रिमांड पर भेज दिया। वहां सीबीआई ने दोनों आरोपियों को दिल्ली ले जाकर पूछताछ करने के लिए 10 दिन का समय मांगा है। हालांकि हालांकि यहां से उन्हें सीजेएम कोर्ट भेज दिया गया। इसके बाद टीम दोनों को दिल्ली ले गई।
सेक्टर-9डी स्थित नेक्टर लाइफ साइंस लिमिटेड कंपनी की ओर से असिस्टेंट जनरल मैनेजर (एचआर एंड एडमिनिस्ट्रेशन) टीके शर्मा ने दिल्ली स्थित सीबीआई एसी ब्रांच को 24 मई को शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद जांच एजेंसी ने जांच की तो चंडीगढ़ के इंस्पेक्टर रविंदर की संलिप्तता सही पायी। साथ ही इस मामले में दिल्ली निवासी गौतम शर्मा को भी संदिग्ध पाया।
शिकायत में कहा था गया था कि करीब एक साल पहले रविंदर सिंग्ला नेक्टर लाइफ के आफिस आए थे। यहां उन्होंने खुद को सीबीआई इंस्पेक्टर बताते हुए कंपनी से जरूरी काम के सिलसिले में दिल्ली जाने के लिए कार उपलब्ध करवाने को कहा था। रविंदर ने उन्हें कहा था कि वह जल्द ही उन्हें कार लौटा देगा। इस पर कंपनी की ओर से उन्हें ब्रांड न्यू होंडा सिटी उपलब्ध कराई गई थी।
कई दिन बाद तक जब रविंदर ने कार नहीं लौटाई तो कंपनी ने उनसे संपर्क किया। इस पर रविंदर ने उन्हें बताया कि अभी कुछ दिन उन्हें कार की जरूरत पड़ेगी, जैसे ही उनका काम समाप्त हो जाएगा वह खुद आकर कार लौटा देंगे। इसके बाद करीब एक साल तक रविंदर ने कार नहीं लौटायी। कंपनी की ओर से इसके लिए दबाव दिया गया तो आरोप के अनुसार सीबीआई इंस्पेक्टर ने उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद कंपनी की ओर से सीबीआई में शिकायत दी गई।