राजधानी में चोर-उचक्के बिना किसी से डरे घटना को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला गोमतीनगर के हुसड़िया क्षेत्र का है।
जहां बदमाशों ने दिनदहाड़े ही एक महिला को चकमा देकर 13 लाख लूट लिए। महिला रुपये लेकर बैंक में जमा करने जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक चिनहट निवासी शाहीन करीब 12-1 के आस-पास 13 लाख रुपये लेकर हुसड़िया स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा जा रही थीं। उन्होंने गाड़ी को पार्क किया और बैंक के भीतर चली गईं।
कुछ मिनट बाद वह गाड़ी में छूटा अपना मोबाइल लेने बाहर आईं। इस दौरान ताक लगाकर बैठा बदमाश उनके पास आया और उनकी गाड़ी से मोबिल ऑयल लीक होने की बात बताने लगा।
शाहीन कुछ समझ पातीं इससे पहले ही बदमाश ने उनके हाथ से पैसों से भरा बैग छीन लिया और भाग निकला। शाहीन की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्टा हुए और आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने बताया कि शाहीन के पति सऊदी अरब में काम करते हैं। फिलहाल पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने के बाद मामले की छानबीन कर रही है।