राजधानी के सरोजनीनगर इलाके में शुक्रवार सुबह बाइक सवार बदमाश मॉर्निंग वाक पर निकली बुजुर्ग महिला के कान से झुमकी नोंच ले गया।
ज्यादा खून बहने और दहशत से वृद्धा बेहोश होकर गिर पड़ी। राहगीरों ने सड़क पर पड़ा देख संभाला और किसी तरह होश में लाकर घर पहुंचाया।
परिवार के लोगों ने अस्पताल ले जाने के साथ ही पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मी मुआयना कर लौट गए। थाने में तहरीर दिए जाने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
कानपुर रोड सेक्टर ई कॉलोनी निवासी आरएस मौर्या की चुंगी के पास हार्डवेयर की दुकान है। उनकी पत्नी शांति (62) सुबह मॉर्निंग वाक पर निकली थीं।
लौटते समय पराग रोड पर एयरपोर्ट कॉलोनी के पास सामने से आई बाइक पर सवार बदमाश ने अचानक झपट्टा मारकर उनके कान से झुमकी नोंची और फरार हो गया।
इसके चलते कान फट गया और ज्यादा खून बहने व दहशत के चलते शांति बेहोश होकर गिर पड़ीं। राहगीरों ने सड़क पर खून से लथपथ बेसुध पड़ी बुजुर्ग को उठाया और पानी की छीटें डालकर होश में लाए।
पूरी जानकारी होने पर उन्हें घर पहुंचाया। परिवार के लोगों ने अस्पताल ले जाकर इलाज कराने के साथ ही पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित से पूछताछ और मौका मुआयना करने के बाद पुलिस कार्रवाई का आश्वासन देकर लौट गई।
थाने में तहरीर दिए जाने के बावजूद देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। इसे लेकर परिवार के साथ ही इलाकाई लोगों में आक्रोश है।