लखनऊ में पीजीआई थानाक्षेत्र के बरौली गांव में ब्यूटी पार्लर में काम सीखने गई छात्रा से संचालिका के भाई और उसके दोस्तों ने नशीला पदार्थ खिलाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान उसकी वीडियो और फोटो भी बनाई। जिसे सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाकर वायरल कर दिया।
ग्रुप में आरोपियों ने पीड़िता के परिवारीजनों को भी जोड़ा था। पीड़िता के परिवारीजनाें ने पूछताछ की तो हकीकत सामने आई। पीड़िता अपने परिवारीजनों के साथ बृहस्पतिवार को थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने संचालिका व उसके भाई सहित चार पर केस दर्ज कर लिया.
पीजीआई थाना प्रभारी निरीक्षक रवींद्र नाथ राय के मुताबिक, बरौली गांव में ब्यूटी पार्लर चलता है। जिसका संचालन एक महिला करती हैं। पार्लर में इलाके की रहने वाली बीए द्वितीय वर्ष की एक छात्रा ट्रेनिंग करने गई। पीड़िता के मुताबिक ,जून में संचालिका के भाई शैलेष ने पार्लर में नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर दुष्कर्म किया।
इस दौरान वीडियो और फोटो भी बनाई। इसके बाद वीडियो व फोटो दिखाकर उसका शोषण करता रहा। पीड़िता ने बताया कि शैलेष ने झांसा देकर 10 जुलाई को एक अंजान मकान में उससे शादी की। इसके बाद आरोपी उसे प्रताड़ित करता रहा। इससे तंग आकर युवती ने स्कूल जाना छोड़ दिया।