लकी नंबर पर इनाम का झांसा देकर ठगी करने वाले गैंग ने चौक क्षेत्र के एक युवक को कॉल की। सैमसंग का 14 हजार रुपये कीमत वाला मोबाइल सिर्फ 3499 में भेजने का झांसा दिया।
युवक ने डाकघर से पार्सल छुड़ाया। उसमें कागजों के बीच छोटी सी मूर्ति व श्रीयंत्र निकला। ठगी का शिकार बने युवक ने पुलिस से शिकायत की है।
मोहल्ला चौपटिया रानी कटरा निवासी सचिन रस्तोगी ने बताया कि दस दिन पहले अज्ञात व्यक्ति ने उसके मोबाइल पर कॉल की। बताया कि सैमसंग कंपनी के ऑफर में उसका लकी नंबर चुना गया है।
बाजार में 14 हजार रुपये कीमत का मोबाइल सिर्फ 3499 रुपये में दिया जा रहा है। कॉल करने वाले ने सचिन से उसका पता और ब्यौरा पूछा। कहा कि भारतीय डाक से भेजे जा रहे पार्सल को नगद भुगतान करके छुड़ा लेना।
डाकिया शुक्रवार सुबह पार्सल लेकर सचिन के घर पहुंचा। उसके मौजूद न होने पर छोटे भाई से पार्सल चौक डाकघर से छुड़ाने की बात कहकर लौट गया।