बंथरा में कानपुर रोड पर शुक्रवार रात सड़क पर खड़े ट्रक में कार जा घुसी।
हादसे में कार ड्राइव कर रहे अपर जिला जज (एडीजे) की मौत हो गई। उनकी पत्नी,गनर व नौकरानी घायल हुए हैं। एडीजे का तीन महीने पहले कानपुर से लखनऊ तबादला हुआ था।
एडीजे (नेशनल हाइवे प्रोविजनल)विनय कुमार श्रीवास्तव (54) शुक्रवार रात 3:30 बजे पत्नी आभा उर्फ नीतू श्रीवास्तव,गनर सुभाष सिंह व नौकरानी के साथ मारुति कार से कानपुर के लखनऊ आ रहे थे। बंथरा में गांव कटी बगिया के पास सड़क पर खड़े ट्रक में उनकी कार पीछे से जा घुसी।
जोरदार टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के साथ उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।
पुलिस टीम ने किसी तरह ट्रक में घुसी कार बाहर निकाली। ड्राइविंग सीट पर विनय कुमार खून से लथपथ बेहोश पड़े थे। उनके बगल वाली सीट पर सुभाष के सिर में चोट आई थी।
जबकि पिछली सीट पर बैठी आभा व काजल मामूली रूप से घायल हुई थीं। पुलिस ने सभी को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने विनय कुमार को मृत घोषित कर दिया जबकि,अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार को बाद छुट्टी दे दी गई।
ट्रॉमा सेंटर पहुंचे विनय कुमार के फुफेरे भाई एसके श्रीवास्तव ने बताया कि तीन महीने पहले ही विनय कुमार का कानपुर से लखनऊ तबादला हुआ था। रोजाना कानपुर से आवागमन कर रहे विनय ने हाल ही में जानकीपुरम में आवास आवंटित होने पर अपना सामान पैक कराया।
शुक्रवार रात सामान ट्रक पर लदवा कर लखनऊ भेजा और खुद अपनी पत्नी, गनर व नौकरानी के साथ कार से लखनऊ आ रहे थे।
हादसे की जांच कर रही पुलिस टीम ने गनर सुभाष सिंह से तहकीकात के बाद आशंका जताई कि झपकी आने की वजह से कार अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी। ट्रक को भी कब्जे में लेने के साथ ही पुलिस चालक की तलाश कर रही है।
पति की मौत पर बिलख रही आभा ने मुंबई में इंजीनियर अपने बड़े बेटे विवेक व दिल्ली में बीटेक के छात्र छोटे बेटे विशाल उर्फ छोटू को फोन करके हादसे की जानकारी दी। उनके दोनों बेटे लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं।