औरैया के दिबियापुर थाना क्षेत्र में गैंगरेप के बाद किशोरी की हत्या कर शव नाले में फेंक दिया गया। शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया।
ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए एसपी ने बबीना चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया है। डीआईजी, डीएम, व एसपी ने मौका मुआयना कर स्थिति की जानकारी ली।
मृतका के पिता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण, गैंगरेप व हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
झाड़ियों में मिले कपड़े और चप्पलें
दिबियापुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 13 वर्षीय किशोरी सोमवार शाम करीब सात बजे शौच के लिए घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आई।
इस पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। देर रात तक उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
मंगलवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीण खेत की ओर गए तो झाड़ियों में फटे कपड़े और चप्पलें मिलीं। आगे बढ़े तो नाले में किशोरी का निर्वस्त्र शव मिला।
यह बात गांव में फैलते ही मौके पर तमाम लोग जुट गए। सूचना पाकर करीब सात बजे के बाद दिबियापुर थानाध्यक्ष जितेंद्र यादव मयफोर्स मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाना शुरू किया। इस बीच मृतका के परिजन और ग्रामीण हंगामा करने लगे।
ग्रामीणों ने किया हंगामा
उन्होंने आरोप लगाया कि गांव की ही एक अन्य किशोरी के साथ दो दिन पहले भी छेड़छाड़ हुई थी। बबीना चौकी प्रभारी को सूचना दी गई, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की।
इसी का नतीजा है कि दूसरे दिन एक किशोरी का अपहरण कर गैंगरेप किया गया और फिर उसकी हत्या कर शव नाले में ठिकाने लगा दिया गया।
उन्होंने मांग की कि जब तक डीएम व एसपी मौके पर नहीं आते तब तक शव निकालने नहीं दिया जाएगा।
थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए एसपी अखिलेश चौरसिया को सूचना दी। एसपी करीब सवा नौ बजे घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने-बुझाने की कोशिश की।
इस दौरान ग्रामीण मृतका के परिजनों को मुआवजा देने की मांग करने लगे। हंगामा बढ़ने पर डीएम माला श्रीवास्तव मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों से वार्ता की। उन्होंने भरोसा दिया कि मृतका के परिजनों को न्याय दिलाया जाएगा। डीएम के आश्वासन पर ग्रामीण मान गए और दोपहर में शव बाहर निकाला गया।
अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट
पुलिस ने पंचनामाभर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोपहर बाद डीआईजी आरके चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से पूछताछ की।
एक दिन पहले किशोरी से छेड़छाड़ के मामले में कार्रवाई न करने पर बबीना चौकी प्रभारी को निलंबित करने का आदेश दिया। इस पर एसपी ने तत्काल बबीना चौकी प्रभारी प्रेमानंद शर्मा को निलंबित कर दिया।
डीआईजी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी। फिलहाल इस मामले में दिबियापुर थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण, रेप व हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।