पीजीआई थाना क्षेत्र में लखनऊ पब्लिक स्कूल में हाईस्कूल के एक छात्र को बुधवार दोपहर सहपाठियों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। स्कूल प्रबंधन ने एक निजी अस्पताल में इलाज कराया। पिता ने शुक्रवार को तीन छात्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए प्रबंधन पर समझौते के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया।
वहीं, प्रिंसिपल ने आरोपी छात्रों को निलंबित करने के साथ पीड़ित छात्र के पिता पर तीनों के अभिभावकों से समझौते के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की बात कही है। इंस्पेक्टर पीजीआई अरुण कुमार राय ने बताया कि तेलीबाग के बल्देव विहार निवासी व सेना की फायरब्रिगेड में हवलदार अनिल कुमार सिंह ने साउथ सिटी स्थित लखनऊ पब्लिक स्कूल में हाईस्कूल के तीन छात्रों पर बुधवार दोपहर अपने बेटे प्रशांत सिंह की स्कूल परिसर में बेतहाशा पिटाई का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अनिल का कहना है कि गंभीर रूप से घायल प्रशांत को एक निजी अस्पताल में इलाज कराकर घर पहुंचाया। हालत बिगड़ने पर उसे दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद प्रबंधन द्वारा समझौता का दबाव बनाया जाने लगा लेकिन बच्चे का हाल जानने या उसके इलाज में मदद के लिए कोई अस्पताल नहीं पहुंचा। उसने पुलिस से शिकायत की। इस पर दो सिपाहियों को छानबीन करने स्कूल भेजा गया।