जानकीपुरम इलाके में रविवार दोपहर बाइक सवार दस हमलावरों ने भाजपा नेत्री के घर पर सुतलीबम से हमला किया और फरार हो गए। सुतलीबम के धमाकों से इलाका दहल उठा।
भाजपा नेत्री ने बेटे की बाइक के चक्कर में हमले की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तहकीकात शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक, जानकीपुरम के सेक्टर-5 सहारा स्टेट निवासी भाजपा महिला मोर्चा की नेता सुमन सिंह के घर के बाहर दोपहर 2:54 बजे दुपहिया वाहनों पर सवार आठ-दस युवकों ने गालीगलौज के साथ सुतलीबम फेंके। पांच धमाके करके हमलावर भाग निकले। धमाकों से आसपास के लोग थर्रा उठे।
सुमन सिंह के बेटे आकाश ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया। जानकीपुरम थाने से टीम मौके पर पहुंची। सुमन सिंह, उनके पति अशोक व बेटे आकाश से रंजिश के बारे में पूछा। घर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
सीसीटीवी कैमरे से हुई पहचान
इसमें आकाश ने हमलावरों में एक की पहचान विनय कटियार के रूप में की। बताया कि उसके दोस्तों का शनिवार को विनय व उसके साथियों से झगड़ा हुआ था।
दरअसल, आकाश शनिवार को घर का सामान लेने सचिवालय कॉलोनी के पास गया था। वहां अपने एक दोस्त को 220 सीसी की बाइक दी और उसकी स्कूटी पर सामान लादकर घर आ गया था। बाइक लेकर निकले दोस्त का विनय व उसके साथियों से झगड़ा हो गया।
पुलिस ने झगड़ रहे युवकों के साथ आकाश की बाइक भी कब्जे में ले ली थी। सुमन ने पैरवी करके अपने बेटे की बाइक छुड़ा ली।
सुमन का मानना है कि आकाश की बाइक घर के बाहर खड़ी देखकर हमलावरों ने उनके घर के बाहर सुतलीबम फेंके। हमले में कोई क्षति नहीं हुई, लेकिन इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश के साथ आकाश के दोस्तों से तहकीकात कर रही है।