सरोजनीनगर क्षेत्र से कोचिंग के लिए शनिवार शाम घर से निकली छात्रा को चचेरे मामा ने कार से अगवा किया।
सुनसान रोड पर फर्राटे भरने के दौरान इश्क का इजहार किया। विरोध पर शहीद पथ पर कार रोककर उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया।
बुरी तरह झुलसी छात्रा कार से कूदकर चीखते हुए भागी। एक टेम्पो चालक ने उसे पुलिस चौकी पहुंचाया।
पुलिस ने अपहरण व तेजाब से जलाने का मामला दर्ज करके छात्रा को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया और आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, सरोजनीनगर की सत्यलोक कॉलोनी में अपनी ननिहाल में रह रही रजिया (परिवर्तित नाम) आज शाम पांच बजे कोचिंग में पढ़ने के लिए घर से निकली।
टेम्पो से बाराबिरवां चौराहे पर पहुंची। वहां पहले से कार खड़ी करके इंतजार कर रहे चचेरे मामा रियाज अहमद बातचीत के बहाने बुलाया और जबरन कार में बैठाकर फर्राटे भरने लगा।
वीआईपी रोड व शहीद पथ पर कार दौड़ाने के दौरान उसने छात्रा से प्यार का इजहार करने के साथ शादी के लिए दबाव बनाया। दोगुनी उम्र के चचेरे मामा की बात से खफा छात्रा ने विरोध जताने के साथ कार रोकने को कहा।
रियाज ने औरंगाबाद पुल के पास कार में ब्रेक लगाया और पास में रखी बोतल उठाकर उसके चेहरे पर तेजाब उड़ेल दिया।
इससे छात्रा का चेहरा, दोनों हाथ-पैर व शरीर का अन्य भाग झुलस गया। तेज जलन से तिलमिलाई छात्रा चीखते हुए कार से कूदी और कुछ दूर दौड़ने के बाद लड़खड़ाने लगी।
एक टेम्पो चालक ने उसे रमाबाई अंबेडकर पुलिस चौकी पहुंचाया। वहां मौजूद कांस्टेबल संजय कुमार ने छात्रा की आपबीती सुनकर एसओ आशियाना को फोन पर जानकारी दी और छात्रा को एक निजी अस्पताल ले गया।
डॉक्टर ने हालत नाजुक बताते हुए सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। छात्रा को तेजाब से जलाने की खबर पर नाना व परिवार के अन्य लोग सिविल अस्पताल पहुंचे।
उन्होंने बताया कि रायबरेली के महाराजगंज का निवासी रियाज अहमद काफी दिनों से छात्रा को तंग कर रहा था। छात्रा ने परिवारीजनों से शिकायत की। इस पर नाना ने रियाज को अपने घर आने से मना कर दिया था।
उन्होंने पुलिस को बताया कि छात्रा से दोगुनी उम्र का रियाज अहमद दुबई में काम करता था। विगत दिनों वहां से लौटने पर छात्रा के पीछे पड़ गया।
इसके विरोध पर वह तेजाब लेकर आया था। कोचिंग जा रही छात्रा को रास्ते से अगवा कर लिया। प्यार के इजहार करने के साथ दबाव बनाया। नाराजगी जताने पर उसने तेजाब उड़ेल कर जला दिया।
एयरपोर्ट पर भी अलर्ट
एसएसपी प्रवीण कुमार ने सिविल अस्पताल पहुंचकर छात्रा के परिवारीजनों से जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने रियाज अहमद को पकड़ने के लिए पुलिस की एक टीम रायबरेली भेजी। सर्विलांस सेल को उसके मोबाइल का लोकेशन ट्रेस करके पुलिस टीम को जानकारी देने के निर्देश दिए।
रियाज के विदेश भाग निकलने की आशंका के चलते उन्होंने सरोजनीनगर पुलिस को एयरपोर्ट भेजकर वहां के अधिकारियों को अलर्ट किया।उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द पकड़कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।