नरही के एक हॉस्टल में रहकर सीपीएमटी की तैयारी कर रहे सीतापुर के छात्र मो. उवैश खान का तीन दिन पहले अपहरण कर लिया गया। उवैश को छोड़ने के बदले फिरौती में मोटी रकम देने का फोन आया तो परिवारीजनों के होश उड़ गए।
उन्होंने हजरतगंज पुलिस से संपर्क कर दो ठेकेदार सहित छह लोगों के खिलाफ अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई है।
हजरतगंज पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच, साइबर सेल, सर्विलांस सेल और डीआईजी रेंज की स्पेशल टीम छात्र का पता लगाने में जुटी है। पुलिस की एक टीम शाहजहांपुर व रामपुर में उवैश की तलाश कर रही है।
सीतापुर के लहरपुर नई बस्ती निवासी मुजम्मित खान का बेटा उवैश बीते शुक्रवार की रात करीब सवा नौ बजे हॉस्टल से दवा लेने की बात कहकर निकला था।
कुछ ही देर बाद एक नंबर से उसके मामा के फोन पर एक कॉल आई, जिसमें उवैश के अपहरण की बात कहते हुए पांच लाख रुपये फिरौती मांगी गई। अपहरण की जानकारी पाकर परिवारीजनों के होश उड़ गए।