पंचायत चुनाव की रंजिश में रविवार रात प्रधान पद के एक प्रत्याशी के परिवारीजन ने दूसरे प्रत्याशी के परिवार की एक युवती पर केरोसिन डालकर आग लगा दी। यह वारदात गांव में पुलिस की मौजूदगी में हुई।
घटना की वजह प्रत्याशियों के परिवारीजनों में विवाद बताया गया है। गंभीर रूप से झुलसी युवती को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की रिपोर्ट दर्ज की है। नामजद आरोपी फरार हैं।
यह घटना कुर्सी क्षेत्र के ग्राम बैनाटीकरहार में हुई। गांव के सुरेश यादव की पत्नी फूलमती व पड़ोसी राजवती यादव पत्नी सियाराम पंचायत चुनाव में प्रधान पद की प्रत्याशी हैं। रविवार रात सुरेश यादव के भाई नीरज, धीरज और सियाराम के लड़के अनिल व संजय के बीच प्रधानी के चुनाव में जीत-हार को लेकर झगड़ा हो गया। मारपीट होते देख किसी ने पुलिस को सूचना दी।
कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई और मारपीट करने वालों को शांत करने लगी। इस दौरान सुरेश के मकान की छत पर खड़ी महिलाओं पर सियाराम के परिवारीजनों ने हमला कर दिया।
आग तो बुझा दी पर नहीं बचा सके जिंदगी
सुरेश का आरोप है कि सियाराम पक्ष के लोगों ने छत पर खड़ी उसके भाई रामसागर की पुत्री कांती यादव (20) पर केरोसिन डालकर आग लगा दी।
युवती की चीख-पुकार सुनकर दौड़े पुलिस कर्मियों व परिवारीजनों ने किसी तरह से कपड़ों में लगी आग को बुझाई और उसे इलाज के लिए लेकर ट्रॉमा सेंटर ले गए। ट्रॉमा सेंटर में देर रात इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई है। इस घटना से गांव में तनाव व्याप्त है।
पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट
घटना के संबंध में मृतका के भाई धीरज यादव की तहरीर पर पुलिस ने सुनील पुत्र राजाराम, अनिल व संजय पुत्र सियाराम, देशराज व महादेव के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने व मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज की है।
एसओ कुर्सी बृजेश पांडेय के मुताबिक मृतका के भाई ने तहरीर में कहा है कि आरोपी पक्ष उसके घर की महिलाओं के साथ मारपीट कर रहे थे। इस दौरान उसकी बहन कांति छत पर खड़ी थी।
आरोपियों ने उसे भी गालियां दी। इससे क्षुब्ध होकर उसने खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली। इस आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।
वारदात ने पूरे परिवार को झकझोर दिया
कांती अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। दो भाइयों में नीरज व धीरज में मझली कांती पिता की चहेती थी। उसकी मौत के बाद पिता रामसागर रो रोकर बेहाल थे। वारदात ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है। गांव में तनाव भी व्याप्त है। एहतियात के तौर पर पुलिस गश्त कर रही है।
पोस्टमार्टम के बाद युवती का शव लखनऊ से सोमवार को गांव पहुंचा और परिवारीजनों ने अंतिम संस्कार किया। मृतका का पिता और आरोपी रिश्ते में साढ़ू लगते हैं।
मामले पर एएसपी उत्तरी कुंवर ज्ञानंजय सिंह का कहना है कि कुर्सी क्षेत्र के बैनाटीकरहार गांव में दो पक्षों में विवाद हुआ था। इस बीच एक युवती ने खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली। ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत कई धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।