अमेठी जिले के गौरीगंज क्षेत्र के पूरे बनिया मजरे मझवारा में सोमवार को दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगों पर महिलाओं पर लाठी से हमला करने के साथ जेवरात लूटने का आरोप लगाया है। थाने में सुनवाई न होने पर लोगों ने एसपी आवास का घेराव किया।
गांव की विमला का आरोप है कि मामूली बात से नाराज भटगवां निवासी राहुल, रोहित, बृजेश, राजकरन, सुंदर, मोहित आदि ने सोमवार को घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं के जेवरात भी लूट लिया।
चीख-पुकार पर ग्रामीणों को आता देख सभी भाग निकले। हमले में सरस्वती, विमला, बदला, रीता, विमलेश, सोनू व धर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिलाएं थाने पहुंचीं, जहां सुनवाई न होने से नाराज ग्रमीणों ने थाने के साथ एसपी आवास पर प्रदर्शन किया।
अफसरों के निर्देश पर पुलिस ने केस दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया लूट का आरोप गलत है। दो पक्षों में मारपीट हुई है। विवाद की सूचना पर विमला की तहरीर पर राहुल, रोहित, बृजेश, राजकरन, सुंदर व मोहित तथा दूसरे पक्ष की पूजा की तहरीर पर हरिहर उपाध्याय, बाबूलाल, सियाराम, विश्राम, महेश, रूपनाथ, विशंभर, विनोद कुमार व रामकुमार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।