पंजाब के लुधियाना में सोमवार को शराब के नशे में धुत पति ने मोबाइल चार्जर की तार से पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने एक साल के बेटे को लेकर फरार हो गया। दूसरे कमरे में बैठे उसके भाई और अन्य रिश्तेदार भी घटना के बाद फरार हो गए।
कुछ देर बाद जब पड़ोसी महिला कमरे में गई तो फर्श पर शव देखकर शोर मचाया। सूचना मिलते ही थाना हैबोवाल और चौकी जगतपुरी की पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान लक्ष्मी (22) के तौर पर हुई है। वह मूलरूप से उन्नाव (यूपी) की रहने वाली थी। आरोपी पति हरीराम के खिलाफ हत्या का केस दर्जकर लिया गया है।
लक्ष्मी अपने पति हरीराम और एक साल के बेटे के साथ सिविल सिटी स्थित दुर्गा माता मंदिर वाली गली में किराए के मकान में रहती थी। मकान मालिक पुलिस मुलाजिम है और खुद पुलिस लाइन में रहते हैं। उन्होंने मकान किराए पर दिया है। लक्ष्मी पहली मंजिल पर बने कमरे में रहती थी। साथ वाले कमरे में उसका जेठ और देवर रहते हैं।
होली वाले दिन हरीराम अपने भाइयों और अन्य रिश्तेदारें के साथ भाई के कमरे में शराब पी रहा था। कुल पांच लोग बैठे थे। हरीराम कुछ देर के लिए उठकर अपने कमरे में गया। जहां उसकी पत्नी लक्ष्मी से किसी बात को लेकर बहस हो गई। गुस्से में उसने लक्ष्मी को पीटा और मोबाइल चार्जर के तार से उसका गला घोटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी और उसके रिश्तेदार मौके से भाग निकले।
मृतका की मां कांता देवी ने बताया कि उसकी बेटी का दो साल पहले प्रेम विवाह हुआ था। हरीराम सिविल सिटी स्थित होजरी में सिलाई का काम करता है। वह शराब और जुआ खेलने का आदी है। इसी बात पर पति-पत्नी की अक्सर बहस होती थी। थाना हैबोवाल प्रभारी नीरज चौधरी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्जकर तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।