बंथरा के बनी मोहान रोड पर हरौनी क्रॉसिंग के पास स्थित एक्सप्रेस इंडिया किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप पर चोरों ने 2100 लीटर पेट्रोल चोरी कर लिया।
पंप मालिक व सरोजनीनगर निवासी मिथिलेश सिंह ने चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मिथिलेश ने बताया कि मंगलवार रात चोरों ने पंप के डिलीवरी पाइप के पास स्थित डिप टैंक का क्लैंप तोड़कर उसमें रबर का पाइप डालकर पेट्रोल निकाल लिया।
छानबीन में पता चला कि चोरों ने बाहर सो रहे तीन कर्मचारियों को कुछ सुंघा दिया। इसके बाद फावड़े से क्लैंप तोड़कर डिप टैंक में रबर का पाइप डाला और भाग गए।
सुरक्षाकर्मी भीतर सो रहा था इसलिए उसे कुछ पता नहीं चला। चोरों ने करीब सौ मीटर दूर स्थित टुल्लू मोटर से पेट्रोल खींचकर उसे कुछ दूर खड़े ट्रक में रखे ड्रमों में भर लिया।
मिथिलेश के मुताबिक चोरों ने सड़क पर खड़े ट्रक के आसपास ईंटें व झाड़ियां लगा दी थीं जिससे लगे कि वह खराब होने के कारण खड़ा हुआ है। चोरी गए पेट्रोल की कीमत करीब पौने दो लाख रुपये है।