पूर्व प्रधान व सहयोगी के खिलाफ फर्जीवाड़े का मुकदमा
महिला को रुपये का लालच देकर फर्जी केस करवाने की कोशिश
भाजपा कार्यकर्ता व उसके सहयोगियों से है चुनावी रंजिश
लखनऊ। मलिहाबाद क्षेत्र में चुनावी रंजिश में भाजपा कार्यकर्ता व उसके सहयोगियों पर बलात्कार का फर्जी मुकदमा लिखवाने की साजिश रचने वाले पूर्व प्रधान सुरेश चौधरी व सहयोगी विशाल पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस के मुताबिक, पूर्व प्रधान ने गांव की ही एक महिला को रुपयों का लालच देकर तहरीर दिलवाई थी। लेकिन लोकलाज के डर से महिला ने मुकदमा कराने से इनकार कर दिया। इस पर पुलिस को संदेह हुआ तो महिला से शपथ पत्र मांगा। इसमें साजिश का पर्दाफाश हो गया।
प्रभारी निरीक्षक सियाराम वर्मा के मुताबिक, रहीमाबाद चौकी क्षेत्र की ग्राम पंचायत मवईफ त्तेपुर निवासी अमरेश मौर्य, जितेंद्र गौतम व मिथलेश यादव का आरोप है कि गांव का पूर्व प्रधान सुरेश चौधरी व उसका सहयोगी विशाल ने गांव के मजरे सरैंया महिला को 50 हजार रुपये का लालच देकर दुष्कर्म का मुकदमा लिखाने की साजिश रची थी। यह बात महिला ने शपथपत्र में कुबूली है।
चौकी प्रभारी की भूमिका भी संदिग्ध
शपथ पत्र में चौकी इंचार्ज प्रभात शुक्ला को इस साजिश में शामिल होना बताया गया है। महिला के मुताबिक, उसके जेठ ने उसका चबूतरा तोड़ दिया था। जिसकी शिकायत चौकी इंचार्ज से की तो उल्टा उसे ही प्रताड़ित किया गया। इस बीच विशाल कुमार फिर से मिला और मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद अमरेश मौर्य, जितेंद्र और मिथिलेश यादव पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने को कहा। इनकार पर चौकी इंचार्ज और उनके सहयोगी पुलिसकर्मियों ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। हालात ऐसे बनाए कि महिला को अपने मवेशी बेचकर पलायन करना पड़ा। प्रभारी निरीक्षक सियाराम वर्मा के मुताबिक, अमरेश मौर्य, जितेंद्र गौतम व मिथलेश कुमार यादव की तहरीर व महिला के बयान के आधार पर फत्तेपुर मवई कलां के विशाल कुमार व पूर्व प्रधान सुरेश चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।