कांग्रेस की यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी
- फोटो : amar ujala
कांग्रेस यूपी में युवाओं को पार्टी से जोड़ने का एक नया अभियान चलाने जा रही है। पार्टी ने आह्वान किया है कि वे ‘बनें यूपी की आवाज’ अभियान का हिस्सा बनें। इस अभियान का मकसद जिला स्तर पर पार्टी के प्रवक्ता और मीडिया कोऑर्डिनेटर का चुनाव करना है।
ये बातें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के चेयरमैन पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में रखीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा प्रदेश में सरकारी संरक्षण में हो रही अलोकतांत्रिक एवं गैर संवैधानिक घटनाओं से डटकर लड़ रही हैं। इस अभियान से युवाओं को जोड़ने के लिए ‘बनें यूपी की आवाज’ को शुरू किया गया है। योग्यता, क्षमता एवं जनसंपर्क उनके चयन का आधार होगा।
मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि जो नौजवान कांग्रेस के सदस्य नहीं हैं, वे भी पार्टी का सदस्य बनकर इन परीक्षाओं में शामिल हो सकेंगे। जिलावार लिखित और मौखिक परीक्षा की शुरुआत सर्वप्रथम लखनऊ मंडल से की जा रही है।
इसके तहत 15 नवंबर को उन्नाव में परीक्षा एवं साक्षात्कार का आयोजन किया जाएगा। 16 नवंबर को लखनऊ, 17 नवंबर को सीतापुर, 18 नवंबर को हरदोई, 20 नवंबर को रायबरेली और 21 नवंबर को लखीमपुर में परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिले के प्रभारी सचिव, जिला व शहर अध्यक्ष और प्रदेश प्रवक्ता परीक्षाएं संपन्न करवाएंगे।