कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने केन्द्र सरकार से किसानों के आंदोलन को देखते हुए जहां तीनों कृषि कानून को वापस लेने की मांग की है, वहीं प्रदेश सरकार से भी गन्ना मूल्य बढ़ाकर 400 रुपये प्रति कुंतल करने की अपील की है। उन्होंने साढ़े चार साल में गन्ना मूल्य में मात्र 25 रुपये की वृद्धि को नाकाफी बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के वादे को भूल गई है। इससे किसान काफी नाराज है और वह भाजपा को हराने का मन बना चुका है।
प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चयन के लिए कांग्रेस हाईकमान द्वारा गठित तीन सदस्यीय स्क्रिनिंग कमेटी के सदस्य के तौर पर बैठक में भाग लेने यहां आए दीपेन्द्र बृहस्पतिवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का सही दाम नहीं मिल रहा है। देश भर के किसान पिछले 307 दिनों से 3 नये कृषि कानूनों के खिलाफ सड़कों पर आन्दोलन कर रहे हैं। इस दौरान 600 से ज्यादा किसानों की जान चली गई, लेकिन भाजपा सरकार किसानों की बात सुनने तक को राजी नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा सबसे ज्यादा किसानों को उठाना पड़ा है। 2014 के बाद से किसानों पर कर्ज बढ़कर लगभग दोगुना हो गया है। देखा जाए तो सरकार ने सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन किसानों पर कर्ज दोगुना हो गया है।
कांग्रेस सांसद ने कोरोना माहामारी के दौरान जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को सरकार की ओर से दिए जाने वाले 50 हजार रुपये सहायता राशि को नाकाफी बताते हुए इसे बढ़ाने की अपील की है। उन्होंने कोरोना काल में मरने वालों के सरकारी आंकड़े 22890 पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जान गंवाने वालों की संख्या कई गुना अधिक है। गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पर करोड़ों रुपये की हेरोईन पकड़े जाने का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि दुनिया में यह पहला मौका है जब इतनी भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की गई है। फिर भी अब तक सिर्फ छोटे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करके मामले पर पर्दा डालने की कोशिश हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब यह मामल विजयवाड़ा की कंपनी द्वारा मंगाया गया था, तो इसे गुजरात के रास्ते क्यों मंगाया गया। इस सवाल का जवाब केन्द्र सरकार को देना चाहिए।