पर्यटकों और नेपाल से भारत आने-जाने वालों के लिए खुशखबरी है। उनके लिए नौतनवां से काठमांडो के बीच ट्रेन से सफर का सपना जल्द पूरा होगा। इस रेल नेटवर्क को तैयार करने के लिए रेलवे बोर्ड में बैठक हुई है। जल्द निविदा का काम भी पूरा कर लिया जाएगा।
नेपाल में रेल नेटवर्क विकसित करने के लिए बीते अक्तूबर में दोनों देशों की ज्वॉइंट वर्किंग ग्रुप की बैठक नई दिल्ली में हुई। इसमें प्रोजेक्ट स्टीयरिंग कमेटी के अधिकारियों ने प्रोजेक्ट पर बातचीत की। बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि बैठक में जयनगर-कुर्था सेक्शन पर पैसेंजर ट्रेन चलाने तथा रक्सौल से काठमांडो के बीच ब्रॉडगेज बिछाने पर चर्चा हुई। इसी क्रम में काठमांडो-पोखरा-लुम्बिनी की मुख्य रेल लाइन से लिंक लाइन को जोड़ने के बाबत प्रस्ताव भी दिया गया।
इस लाइन से नौतनवां-भैरहवां-भुटवाल को जोड़ा जाएगा। इसकी निविदा प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस सेक्शन के पूरा होने के बाद नौतनवां स्टेशन से काठमांडो तक जाने का रास्ता खुल जाएगा। इस प्रोजेक्ट में कुछ अड़चनें भी हैं, जिन्हें दूर करने में रेल प्रशासन लगा हुआ हैं।
चीन के बढ़ते दखल पर लगेगा विराम
नेपाल में चीन के बढ़ते दखल को देखते हुए भारतीय रेलवे नेपाल में नेटवर्क फैला रहा है। इसकी जिम्मेदारी इंडियन रेलवे कंस्ट्रक्शन लिमिटेड (इरकॉन) को सौंपी गई है। गड्ढा चौकी से बिरता मोड़ तक रेल लाइन बिछाने का काम चरणबद्ध ढंग से किया जा रहा है।