‘वर्ष 2014 से पहले देश में एक सिलिंडर के लिए रात 12 बजे से कतारें लगनी शुरू हो जाती थीं। सिलेंडर मिले या न मिले, पर लोगों पर लाठियां जरूर बरसती थीं। आज घर बैठे मुफ्त कनेक्शन मिल रहा है।’ यह बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार प्रदेश में उज्ज्वला योजना 2.0 का शुभारंभ करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि इस योजना के पहले चरण की शुरुआत बलिया से हुई थी तो दूसरे चरण के शुभारंभ के लिए भी प्रधानमंत्री ने महोबा को चुना। योजना में मुफ्त कनेेक्शन के साथ पहला रिफिल गैस सिलिंडर भी निशुल्क दिया जा रहा है। योजना के दूसरे चरण में देश में 01 करोड़ अतिरिक्त कनेक्शन प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। कार्यक्रम में खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह ‘धुन्नी सिंह’ अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद वीना कुमारी मीना आदि मौजूद रहे।
जो छूट गए थे उन्हें भी मिलेगा लाभ
सीएम ने कहा कि इस चरण में विशेष प्रावधान किया गया है। जो लोग पहले पते के प्रमाण के अभाव में इस लाभ से वंचित रह गए थे इस बार उन्हें भी इस योजना का लाभ मिलेगा। इसके लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि सबको योजना का लाभ मिले। कार्यक्रम के दौरान ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ पर केंद्रित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गयी।