मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश में सबसे अधिक शासन किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जो बदहाली, अराजकता, गरीबी और अव्यवस्था थी उसके लिए कांग्रेस है जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बाद सपा और बसपा ने शासन किया। तीनों दलों के नेताओं से पूछा जाना चाहिए कि आखिर उन्होंने प्रदेश के हित में कुछ क्यों नहीं किया।
अब विपक्षी दलों को आइसोेलेशन में भेजने का समय
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान केंद्र व प्रदेश सरकार, आरएसएस और भाजपा ही लोगों की सेवा करते हुए दिख रहे थे। जबकि विपक्षी दलों के नेता घर में आइसोलेट हो गए थे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में उन दलों के नेताओं को फिर आइसोलेट करने का समय आ गया है।
बाबूजी की स्मृतियों के जरिये लोधी समाज को साधा
भाजपा के सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह की स्मृतियों के जरिये लोधी समाज को साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबूजी के अंतिम संस्कार और तेरहवीं पर आयोजित ब्रह्मभोज में उमड़ा जनसैलाब लोकनेता और जननेता होने का सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बाबूजी ने देश व धर्म के लिए जीवन समर्पित किया। उन्होंने कहा कि 6 दिसंबर 1992 को ढांचा ढहने के बाद ऐसा कोई विपक्षी दल का नेता नहीं था जो बाबूजी को कटघरे में खड़ा कर रहा था। उन्होंने कहा कि लोधी समाज अपने लिए नहीं बल्कि देश व धर्म के लिए मरने-मारने वाला समाज है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने एटा मेडिकल कॉलेज का नाम बाबूजी की भावना के अनुरूप वीरांगना अवंति बाई लोधी के नाम पर किया है। प्रदेश के सबसे बड़े कैंसर अस्पताल का नाम बाबूजी के नाम पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि बुलंदशहर मेडिकल कॉलेज का नाम भी बाबूजी के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि देश व धर्म के लिए जीवन समर्पित करने बाबूजी को यह सरकार व समाज की श्रद्धांजलि है।