सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री को गोरखपुर या अयोध्या की किसी सीट से चुनाव मैदान में उतारने पर विचार हो रहा है। जबकि उप मुख्यमंत्रियों में केशव मौर्य को कौशांबी के सिराथू और डॉ. दिनेश शर्मा को लखनऊ पश्चिमी से चुनाव लड़ाया जा सकता है। ये सीट विधायक सुरेश श्रीवास्तव के निधन से रिक्त हो चुकी है।
इसी प्रकार जलशक्ति मंत्री मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह को भी प्रतापगढ़ की कुंडा सीट से मैदान में उतारने की तैयारी है। यहां से रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया लगातार पांच बार से विधायक हैं। चर्चा यह भी महेंद्र सिंह को लखनऊ की सरोजनी नगर या कैंट सीट से भी चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है।
सरोजनीनगर से इस समय महिला कल्याण एवं बाल विकास राज्यमंत्री स्वाति सिंह और कैंट से सुरेश तिवारी विधायक हैं। उन्हें किसी अन्य सीट पर शिफ्ट किया जा सकता है। जबकि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव को बुंदेलखंड के किसी सीट से चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है।