विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में 33 हजार से अधिक लोगों को सरकारी नौकरी का तोहफा मिल सकता है। ये भर्तियां अधीनस्थ सेवा चयन आयोग करेगा। आयोग ने शनिवार को 29,932 रिक्त पदों पर नई भर्तियों का कैलेंडर जारी किया है। ये भर्तियां मार्च 2022 तक पूरी की जानी हैं। इसके अलावा आयोग ने कई वर्षों से लंबित सात पुरानी भर्तियों के 3768 पदों को अंतिम तौर पर पूरा करने का संभावित कार्यक्रम भी जारी किया है। अगर आयोग कैलेंडर पर अमल कर सकता तो चुनाव से पहले 33,700 युवाओं को सरकारी नौकरी मिल जाएगी।
लंबित भर्तियों और आगामी भर्तियों का परीक्षा कार्यक्रम बीते डेढ़ वर्ष से जारी न किए जाने से युवाओं को हो रही परेशानी को ‘अमर उजाला’ ने 23 जून के अंक में प्रमुखता से उठाया था। आयोग के चेयरमैन प्रवीर कुमार की मंजूरी के बाद सचिव आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने लंबित भर्तियों के साथ द्विस्तरीय परीक्षा प्रणाली में प्रस्तावित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) व उसका रिजल्ट घोषित होने के बाद मुख्य परीक्षा के जरिए अलग-अलग की जाने वाली भर्तियों का विस्तृत कैलेंडर जारी कर दिया है। पीईटी में शामिल अभ्यर्थी ही मुख्य परीक्षाओं में शामिल हो सकेंगे। चेयरमैन प्रवीर ने बताया कि पिछले तीन महीने में 2,951 रिक्त पदों से संबंधित तीन भर्तियों का अंतिम चयन परिणाम भी जारी किया जा चुका है। आयोग तेजी से भर्ती कार्यवाही को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहा है।
द्विस्तरीय परीक्षा प्रणाली के अंतर्गत पांच मुख्य परीक्षाओं का एलान
आयोग ने द्विस्तरीय परीक्षा प्रणाली से होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के साथ पांच मुख्य परीक्षाओं के कार्यक्रम का एलान किया है। पीईटी 20 अगस्त को होगी। पीईटी के बाद पहली भर्ती राजस्व लेखपाल के 7882 रिक्त पदों पर होगी। दूसरी बड़ी भर्ती स्वास्थ्य कार्यकर्ता व अन्य समान योग्यता वाले पदों के लिए होगी। यह मुख्य परीक्षा 9212 पदों के लिए होगी। इसके बाद कृषि प्राविधिक, गन्ना पर्यवेक्षक, कनिष्ठ सहायक, आशुलिपिक, प्रयोगशाला प्राविधिज्ञ व समान योग्यता वाले पदों पर भर्ती की योजना है।
पीईटी में सफल अभ्यर्थी मुख्य परीक्षाओं में ले सकेंगे हिस्सा
परीक्षा का नाम रिक्त पद भर्ती की प्रस्तावित तिथि
राजस्व लेखपाल 7882 नवंबर, 2021
स्वास्थ्य कार्यकर्ता व समान योग्यता के पद 9212 नवंबर, 2021
कृषि प्राविधिक, गन्ना पर्यवेक्षक व समान योग्यता के पद 2500 फरवरी, 2022
कनिष्ठ सहायक, आशुलिपिक व समान योग्यता के पद 2000 मार्च 2022
प्रयोगशाला प्राविधिज्ञ, एक्स-रे प्राविधिज्ञ व समान योग्यता के पद 1200 मार्च, 2022
सात लंबित भर्तियों के परीक्षा परिणाम सितंबर तक देने की तैयारी
आयोग ने वर्ष-2016 से 2019 के बीच निकाले गए सात भर्ती विज्ञापनों की लंबित भर्ती कार्यवाही अगले दो महीनों अगस्त-सितंबर तक पूरा करने की उम्मीद जताई है। ये भर्तियां 3768 पदों के लिए हो रही हैं और प्रतियोगितात्मक परीक्षाएं होने के बाद परिणाम/इंटरव्यू या अंतिम परिणाम के लिए काफी समय से प्रतीक्षित हैं।
- कनिष्ठ सहायक व कनिष्ठ लिपिक-2016
साक्षात्कार 31 अगस्त से प्रस्तावित। रिक्त पद-536
-आबकारी सिपाही-2016
शारीरिक परीक्षा का परिणाम अगस्त में व साक्षात्कार सितंबर में प्रस्तावित। रिक्त पद-405
- सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (॥ ) 2016
अंतिम परिणाम अगस्त में प्रस्तावित। रिक्त पद-641
- होम्योपैथिक फार्मासिस्ट-2019
अभिलेख परीक्षण के लिए रिजल्ट इस माह के अंत तक घोषित करने की योजना। अभिलेख परीक्षण अगस्त व अंतिम परिणाम सितंबर में प्रस्तावित। रिक्त पद-420
- कंप्यूटर ऑपरेटर-2016
अंतिम परिणाम सितंबर में प्रस्तावित। रिक्त पद-79
-कनिष्ठ सहायक-2019
टंकण परीक्षा 29 जुलाई तक तय। अगस्त में टंकण परीक्षा का रिजल्ट व इसके बाद अभिलेख परीक्षण। अंतिम परिणाम सितंबर में। रिक्त पद-1403
- आशुलिपिक-2018
अगस्त में अभिलेख परीक्षण के लिए रिजल्ट का एलान। सितंबर में अंतिम परिणाम का एलान। रिक्त पद-284