फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अयोध्या : सीएम योगी के रोड शो में रहा उत्सवी माहौल, बोले- जब रामलला विराजमान होंगे तो पूरी दुनिया कहेगी यह है हमारी अयोध्या

Thu, 24 Feb 2022 10:22 PM IST
ishwar ashish अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या

सार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने देश व दुनिया के रामभक्तों व आस्थावानों का सम्मान रखते हुए जो संकल्प किया है, उस संकल्प के क्रम में अयोध्या को दुनिया की सबसे सुंदर आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी के रूप में स्थापित करना है। यह काम रामभक्तों की सरकार कर पाएगी, रामभक्तों पर गोली चलाने वाले नहीं कर सकते।
विज्ञापन
अयोध्या में रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शंख ध्वनि, वैदिक मंत्रोच्चारों की गूंज, नारों संग ढ़ोल-नगाड़े और नाचते-गाते समर्थकों के बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने रोड शो के जरिए गुरूवार को अपनी ताकत दिखाई। टेढ़ीबाजार पर वैदिक छात्रों द्वारा वेदमंत्रों का पाठ कर शुरू हुआ रोड शो नयाघाट चौराहे तक गया। रास्ते भर जय श्रीराम व वंदे मातरम् के जयकारे लगते रहे तो जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगें..आएंगें फिर योगी ही..जैैसे गीतों पर समर्थक नाचते-थिरकते रहे। रोड शो में पूरा उत्सवी माहौल रहा, रामनगरी भगवारंग में रंगी नजर आई। सीएम योगी रोड शो में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के सहारे समीकरण भी साधते दिखे।

विज्ञापन


टेढ़ीबाजार से सीएम योगी का रोड शो तकरीब पांच बजे शुरू हुआ। इसके लिए पूरी अयोध्या को भगवा गुब्बारों से सजाया गया था। यह पहला मौका था जब सीएम अयोध्याधाम की जनता के बीच सड़क पर थे। जयश्रीराम के जयकारे के साथ उनका रोड शो आगे बढ़ा तो भगवा साफा बांधे सीएम योगी की एक झलक पाने के लिए लोग भी उमड़ पड़े। घरों की बालकनी व छतों से सीएम योगी पर पुष्पवर्षा की गई। सांस्कृतिक दल द्वारा जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। भगवान के स्वरूप भी रोड शो की शोभा बढ़ा रहे थे। भाजपा समर्थक जिसमें महिलाएं भी थीं रास्ते भर जमकर थिरकते रहे।

टेढ़ीबाजार से आगे बढ़ते ही एक लाइन से खड़ी महिलाओं के समूह ने सीएम योगी पर पुष्पवर्षा किया। रामजन्मभूमि के क्रासिंग-तीन गेट पर पहुंचते ही सीएम योगी ने सर झुकाकर रामलला को प्रणाम किया। यहां रामनगरी के दिग्गज संतों ने सीएम योगी का भव्य अभिनंदन करते हुए उनका राजतिलक किया। सीएम योगी भी स्वागत से अभिभूत दिखे और विजय चिन्ह के रूप में वे लगातार दो ऊंगलियां जनता को दिखाकर, मुस्कुराते रहे। रथ पर उनके साथ अयोध्या प्रत्याशी वेदप्रकाश गुप्ता भी दोनों हाथ जोड़कर जनता से आशीर्वाद मांगते दिखे। नयाघाट पर सभा के दौरान सीएम योगी सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के सहारे समीकरण साधते दिखे। उन्होंने भीड़ से सवाल किया कि क्या आपको दीपोत्सव पसंद आता है, उत्तर मिला हां, तो योगी ने कहा कि क्या यह काम सपा, बसपा कर पाती उत्तर मिला नहीं। कहा कि ये नाउम्मीद हैं, इनसे कोई उम्मीद मत करना। बोले कि आप तैयार हैं, अयोध्या को सुंदरतम नगरी बनाना है, जब तक राममंदिर बनकर तैयार होगा तब तक अयोध्या भी सुंदर नगरी बनकर दुनिया को आकर्षित करेगी। सवाल करते हुए कहा कि मैं आश्वस्त होकर जाऊं अयोध्या की पांचों सीट मिलेगी, भीड़ ने हां में जवाब दिया तो योगी का चेहरा खिल उठा। योगी आज रात्रि अयोध्या में विश्राम करेगें। शुक्रवार की सुबह वे रामलला व हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करने जाएंगें।
विज्ञापन


नाराज व्यापारियों को भी साधा
सीएम योगी ने सड़क चौड़ीकरण को लेकर नाराज व्यापारियों को भी साधने की कोशिश करते हुए कहा कि मैं अयोध्या के व्यापारियों व संतों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हमारी सरकार का काम समस्या खड़ा करना नहीं बल्कि समस्या का समाधान करना है। अयोध्या का विकास उनकी भावनाओं के अनुरूप ही किया जाएगा।

संत-धर्माचार्यों ने बढ़ाई रोड शो की भव्यता
रोड शो में रामनगरी के दिग्गज संत-धर्माचार्यों ने भी सहभागिता निभाई और भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने  का काम किया। रोड शो में महंत कमलनयन दास, महंत वैदेहीवल्लभ शरण, महंत गौरीशंकर दास, महंत रामशरण दास, राजकुमार दास, सुरेश दास, डॉ.भरत दास, महंत मैथिलीरमण शरण, महंत विवेक आचारी, महंत शशिकांत दास, महंत गिरीश दास, ज.गु.परमहंसाचार्य सहित अन्य संतों की भागीदारी रही।

मुस्लिम व सिख समाज ने की पुष्पवर्षा
रोड शो पर मुस्लिम व सिख समाज के लोगों ने भी पुष्पवर्षा की। हनुमानगढ़ी में बबलू खान व महंत बृजमोहन दास, राजसदन के सामने ज्ञानी गुरूजीत सिंह, ज्ञानी महेंद्र सिंह, सरदार चरनजीत सिंह, तुलसीउद्यान पर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, विवेक मिश्रा, बिड़ला धर्मशाला के पास भाजयुमो के हर्षवर्धन सिंह, रवि शर्मा, कोतवाली के पास विकास श्रीवास्तव आदि ने पुष्पवर्षा कर योगी का स्वागत किया।

अयोध्या में रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। - फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोसाईगंज व रुदौली में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में आयोजित जनसभाओं में सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। अपने चिर परिचित अंदाज में योगी ने कहा कि सपा सरकार में राशन का पैसा माफिया तो बसपा सरकार में हाथी खा जाता था। सपा की सरकार में सात सौ तो बसपा की सरकार में तीन सौ दंगों का जिक्र किया। कहा कि आज गुंडे, माफिया और उनके चमचे जेल में हैं।

गोसाईगंज से भाजपा प्रत्याशी आरती तिवारी के पक्ष में मया बाजार में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि गोसाईगंज अयोध्या की महत्वपूर्ण सीट है। 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मया बाजार में आपसे समर्थन मांगा था। आप सभी के समर्थन से भाजपा ने जो कहा करके दिखाया। आपकी भावना के अनुरूप भयमुक्त, दंगा मुक्त, अपराध मुक्त परिवेश के साथ विकास की योजना लाए। अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण के लिए रामभक्त 500 वर्षों से संघर्षरत थे। जब भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने सभी बाधाओं को दूर कर अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। सवाल किया क्या राम मंदिर का निर्माण सपा, बसपा या कांग्रेस करा पाते। ये कौन कर रहा है। केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार है। इस कारण यह सब हो रहा है। 2023 तक मंदिर का निर्माण पूर्ण हो जाएगा तो अयोध्या विश्व की सबसे सुंदर नगरी होगी।

उन्होंने सवालों के माध्यम से हमले किए, कहा क्या 2017 के पहले बिजली मिलती थी। 2017 के बाद बिजली मिल रही है। बिजली देने में कोई भेदभाव तो नही हो रहा है। 2017 के पहले बिजली भी धर्म के आधार पर दी जाती थी। ईद और मोहर्रम है तो बिजली आती थी। आज बिना भेदभाव बिजली दी जा रही है। क्या 2017 के पहले राशन मिलता था। अब डबल इंजन की सरकार है तो डबल राशन भी मिल रहा है। साथ में दाल, रिफाइंड व नमक भी मिल रहा है। सपा की सरकार में यह पैसा माफिया खा जाते थे। बसपा के समय में हाथी खा जाता था।

कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोरोना का फ्री में टेस्ट, फ्री वैक्सीन मिल रही है। अगर आप ने वैक्सीन ली है तो आप भी कोरोना के खिलाफ लड़ाई के प्रतीक है। यही वैक्सीन सपा, बसपा की सरकार होती तो बिक गई होती। कहा कि अयोध्या में दुर्गा पूजा का जुलूस रोक दिया जाता था। आज यूपी में दंगा नही होता है क्यों कि अगर कोई दंगा करेगा तो भरते-भरते सात पीढ़ियां थक जाएंगी। दंगा मुक्त, भय मुक्त, अपराध मुक्त परिवेश भाजपा सरकार ने दिया। अभी सरकार फ्री राशन दे रही है। सरकार ने तय किया है कि उज्जवला गैस के पात्रों को हर होली दीपावली मुफ्त गैस सिलेंडर दिया जाएगा। 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा उपलब्ध कराई जाएगी। बेटी के जन्म के समय मिलने वाली धनराशि को 15 हजार से बढ़ाकर 25 हजार किया जाएगा। शादी के लिए 51 हजार का अनुदान मिलता है जो बढ़ाकर एक लाख किया जाएगा। उत्तर प्रदेश में पहले नौकरी निकलती थी तो सैफई परिवार वसूली करने निकल पड़ता था फिर उस पर स्टे लग जाता था। आने वाले 5 सालों में हर घर में एक नौकरी या स्वरोजगार के साधन सरकार उपलब्ध कराएगी। एक करोड़ टैबलेट स्मार्ट फोन दिए गए है। आने वाले समय में दो करोड़ दिए जाएंगे। अयोध्या विश्व की सुंदरतम नगरी बन रही है उसमें गोसाईगंज का योगदान होना चाहिए। सरकार बीजेपी की बन रही है लेकिन वह सरकार दमदार होनी चाहिए। सभा में प्रदेश सह प्रभारी सत्या कुमार, जिला प्रभारी जमुना प्रसाद द्विवेदी, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, पूर्व सांसद हरिओम पांडेय, युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह, निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष आशा राम निषाद सहित भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।
विज्ञापन

बुलडोजर बाबा के जयकारे से गूंज उठा मैदान

अयोध्या में रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। - फोटो : अमर उजाला
रुदौली विधानसभा क्षेत्र के श्री कृष्णा आरटीएस डिग्री कॉलेज नरौली में भाजपा प्रत्याशी राम चंद्र यादव के पक्ष में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहुंचने पर मैदान बुलडोजर बाबा व जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। कहा कि सपा सरकार में सबसे अधिक विकास कब्रिस्तानों का हुआ। इसमें चलने वाली योजनाओं का आधा से अधिक धन बिचौलियों के जेब में जाता था। जिससे क्षेत्र में गुंडागर्दी, भूमाफिया व मौत के सौदागर पैदा होते थे लेकिन भाजपा सरकार बनने पर सभी गुंडे व उनके चमचे जेल में बैठकर वही से आनंद ले रहे है। गरीबों की जमीन पर बने मकानों पर हमने बुलडोजर चलवाकर बराबर कर दिया।

कहा कि अयोध्या जनपद में अब दो-दो मेडिकल कॉलेज हो गए हैं। एक चालू हो गया है और दूसरे का मवई के मांजनपुर में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया जा चुका है। पढ़ने वाली युवतियों को स्कूटी दी जाएगी। भाजपा सरकार में दलितों को व पिछड़ों को अधिक सम्मान दिया गया है। फैजाबाद का नाम बदल कर अयोध्या किया गया लेकिन विपक्षी अयोध्या का नाम लेने से हिचकिचाहट महसूस कर रहे है। उन्होंने प्रत्याशी रामचंद्र यादव को लगातार तीसरी बार जिताने के लिए कमल के फूल का बटन दबाने के लिए अपील की। कार्यक्रम में बिस्वा सीतापुर विधायक महेंद्र कुमार, सांसद लल्लू सिंह, मवई ब्लॉक प्रमुख राजीव तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें