लखनऊ। वाहनों की चेकिंग के दौरान चालान अब मौके पर ही जमा कराए जा सकेंगे। इसके लिए परिवहन विभाग चेकिंग अधिकारियों को प्वॉइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीनें देगा। इसका ट्रायल शुरू कर दिया गया है। एसबीआई यह मशीनें प्रदान करेगा।
पीओएस मशीन के मौके पर होने से वाहन स्वामी को चालान भरने के लिए कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा। वह डेबिट, क्रेडिट कार्ड से भुगतान कर सकेंगे। आरटीओ (प्रवर्तन), एआरटीओ (प्रवर्तन) और यात्री कर अधिकारी (पीटीओ) को पीओएस मशीनें देकर वाहन स्वामियों से तुरंत जुर्माना जमा कराने का लक्ष्य रखा गया है। ट्रायल के तौर पर दो अफसरों को मशीनें दी गईं हैं। मशीनों में पेश आने वाली दिक्कतों की रिपोर्ट बनाई जा रही है। कैमरे की गुणवत्ता कुछ परेशान कर रही है। इन मशीनों से भुगतान होने पर रियल टाइम जानकारी विभाग को मिलेगी। आरटीओ प्रशासन संजय तिवारी ने बताया कि आगे यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (यूपीआई) से भी इसे कनेक्ट किया जाएगा।