इंदिरानगर क्षेत्र के सुग्गामऊ निवासी रमा सैनी बाजार से लौट रही थीं। रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने चेन लूटने की कोशिश की। असफल होने पर दौड़ाकर तमंचा दिखाया और चेन लूटकर भाग निकले। फुटेज वायरल होने पर पुलिस को वारदात की जानकारी हुई।
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, पीड़िता ने तहरीर देने से इनकार कर दिया है। पीड़िता ने बताया कि लूट की कोशिश हुई थी। फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
मंगलवार देर रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें सुग्गामऊ निवासी रमा सैनी सोमवार शाम बाजार से सब्जी लेकर लौट रही थीं।
घर से कुछ दूरी पर पीछे से पहुंचे बाइक सवार बदमाश ने झपट्टा मारकर रमा की चेन लूटने की कोशिश की। इस पर रमा गले में हाथ लगाकर घर की ओर भागी।
यह देख बाइक पर पीछे बैठा उसका साथी उतरा और तमंचा लेकर रमा की ओर दौड़ा। इस पर रमा रुक गईं और आसपास खड़े लोग भी भाग खड़े हुए। बदमाश ने रमा पर तमंचा तान दिया और चेन लूटकर धमकाते हुए भाग निकला।
वारदात से रमा, उनका परिवार और मोहल्ला दहशत में है। बुधवार सुबह घटना का वीडियो वायरल हुआ तो अधिकारियों ने इंदिरानगर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक डॉ. रामफल प्रजापति ने बताया कि रमा के साथ चेन लूट की कोशिश हुई है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। इसके लिए टीमें लगाई गई है।
रमा ने तहरीर नहीं दी है। पुलिस टीम ने पीड़िता के घर जाकर पूछताछ की। मुकदमा दर्ज कराने को कहा, पर उन्होंने मना कर दिया। पीड़िता के मुताबिक, चेन लूटने की कोशिश की गई थी, लेकिन बदमाश सफल नहीं हुए।